आयड़ जैन तीर्थ में उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब, हो रहे है विविध धार्मिक आयोजन
विवेक अग्रवाल
उदयपुर। आयड़ स्थित जैन तीर्थ में मालव मार्तण्ड आचार्य मुक्तिसागर सूरीश्वर महाराज की निश्रा में पूज्य आचार्य अचल मुक्ति सागर सूरीश्वर महाराज की सूरिमंत्र चतुर्थ पीठिका की मौन साधना के साथ तपागच्छ अधिनायक श्री मणिभद्र वीर के हवन-पूजन का भव्य आयोजन हुआ। 15 हवन कुंडों के माध्यम से संपन्न हुए इस धार्मिक विधान में श्री संघ के श्रावक-श्राविकाओं ने हर्षोल्लास के साथ भाग लिया और धर्म लाभ प्राप्त किया।
श्री जैन श्वेतांबर महासभा के महामंत्री कुलदीप नाहर ने बताया कि मणिभद्र वीर तपागच्छ के अधिष्ठायक देव हैं। उनके प्राकट्य दिवस के अवसर पर 15 हवन कुंडों के साथ विशेष पूजन विधान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम अष्ट प्रकारी पूजन किया गया। इसके पश्चात 108 आहुतियों के साथ हवन संपन्न हुआ। अंत में आरती, मंगलदीप एवं शांति कलश के साथ धार्मिक विधान पूर्ण हुआ। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
- मांगलिया नगर के जिनालय की प्राण-प्रतिष्ठा का मुहूर्त प्रदान
आचार्य श्री की प्रेरणा, निश्रा एवं मार्गदर्शन में इंदौर के समीप मांगलिया नगर में नवनिर्मित जिनालय की प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां भी चल रही हैं। इसी क्रम में जिनालय की प्राण-प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त प्राप्त करने के लिए मांगलिया नगर का समस्त श्री संघ आयड़ तीर्थ पहुंचा। यहां पूज्य आचार्य श्री अचल मुक्ति सागर सूरीश्वर महाराज ने संघ को प्राण-प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त प्रदान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिनालय की प्राण-प्रतिष्ठा आगामी 26 फरवरी 2027, शुक्रवार को होगी।
- 16 अक्टूबर को पार्श्वनाथ महापूजन, 17 को होगी पूर्णाहुति
कुलदीप नाहर ने बताया कि शुक्रवार, 16 अक्टूबर को आयड़ तीर्थ में श्री 108 पाश्र्वनाथ महापूजन का आयोजन भी किया गया है। इस महापूजन के संपूर्ण लाभार्थी चित्तौडग़ढ़ के इंदौर निवासी शांतिकलेजी ध्वज परिवार हैं। आचार्य अचलमुक्तिसागरसूरीश्वर महाराज की सूरिमंत्र चतुर्थ पीठिका की मौन साधना की पूर्णाहुति शनिवार, 17 अक्टूबर को होगी। इसके बाद आचार्यश्री 26 अक्टूबर सोमवार से सूरिमंत्र पंचम पीठिका की 16 दिवसीय मौन जाप साधना प्रारंभ करेंगे। इस साधना को लेकर श्री संघ में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है।
इस अवसर पर भोपाल सिंह परमार, भोपाल सिंह नाहर, कुलदीप नाहर, चन्द्र सिंह, अशोक जैन, राजेंद्र जावरिया, प्रकाश नागौरी, हेमंत सिंघवी, राजेश जावरिया, दिनेश बापना, अभय नलवाया, कैलाश मुर्डिया, चतर सिंह पामेच, सतीश कच्छारा, दिनेश भंडारी, चिमनलाल गांधी, प्रद्योत महात्मा, रमेश सिरोया, कुलदीप मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
