गौ सेवा सम्मान समारोह में डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने दिया सेवा और संस्कारों का संदेश
विवेक अग्रवाल
उदयपुर ।-शिव शंकर गौशाला, उदयपुर में गौ सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौमाता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया।
गौशाला के मीडिया प्रभारी नरेश पूर्बिया ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरजा कुमारी चौहान ने की। वैदिक पुरोहित डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने शांति यज्ञ करवाकर विश्व शांति की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा आपदा राहत विभाग, राजस्थान के प्रदेश संयोजक एवं राजस्थान गौरव डॉ. जिनेंद्र शास्त्री थे।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ. शैलेंद्र सिंह, गोपेश शर्मा, मनीष शर्मा, नरेश पूर्बिया, दिनेश माली, गोपाल कनेरिया, रविकांत त्रिपाठी, डॉ. नारायण सिंह चावड़ा, मोहन सिंह शक्तावत एवं बगदी राम शर्मा शामिल थे। सभी अतिथियों का शब्दों के माध्यम से स्वागत गौशाला की सचिव शालिनी राजावत ने किया।
समारोह में सभी अतिथियों ने शिव शंकर गौशाला के संस्थापक स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह चौहान के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा गौ सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
