*रूपावास में सात दिन से पानी की सप्लाई बंद, खाली बर्तन लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं*
*24 घंटे में जलापूर्ति शुरू नहीं तो जाम लगाने की चेतावनी, शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष*
रिपोर्टर:-( शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज ,राजस्थान
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति ,पाटन क्षेत्र के रूपावास गांव में पिछले सात दिनों से पानी की सप्लाई बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट से नाराज महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो वे जाम लगाकर विरोध करेंगी।
ग्रामीणों के अनुसार, मावण्डा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के ट्यूबवेल का मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत किसानावती नदी में की गई बोरिंग में भी पानी नहीं होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बोरिंग में पानी नहीं होने के बावजूद ठेकेदार को पूरा भुगतान कर दिया गया। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महंगे दामों पर पानी खरीदने को मजबूर ग्रामीण
सात दिन से जलापूर्ति बंद होने के कारण ग्रामीणों को महंगे दामों पर टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पेयजल व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे में पानी की सप्लाई बहाल नहीं हुई तो ग्रामीण जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अब देखना होगा कि ग्रामीणों कि इस भंयकर समस्या पर प्रशासन कितनी त्वरित गति से कार्यवाही करता है।
