*राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में उत्साह के साथ मनाया गया हिंदी दिवस,
वक्ताओं ने रेखांकित किया हिंदी का वैश्विक स्वरूप*
जयपुर, 14 सितंबर। राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में आज हिंदी दिवस के अवसर पर एक गरिमापूर्ण और भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अलका त्रिपाठी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं—आशुभाषण, कविता पाठ और निबंध लेखन—में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रो. शर्मा ने हिंदी भाषा के गौरवशाली इतिहास, उसकी व्याकरणिक समृद्धि और इसके साहित्य के विभिन्न आयामों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा के मानक प्रयोग और पठन-पाठन की संस्कृति को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. अलका त्रिपाठी ने 'वैश्विक स्तर पर हिंदी' विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज दुनिया के कोने-कोने में हिंदी और भारतीय संस्कृति के प्रति आकर्षण बढ़ा है। उन्होंने तकनीकी, कूटनीति और रोजगार के क्षेत्र में हिंदी की बढ़ती उपयोगिता को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को इसे अपनी शक्ति बनाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि विश्वभर के विद्वानों ने कैसे हिंदी के संरक्षण में अपनी महती भूमिका निभाई है।
समारोह को सफल बनाने में हिंदी विभाग की प्रभारी डॉ. सुमन ढाका, विभाग की सह-सदस्य डॉ. अनीता प्रजापत तथा महाविद्यालय के अन्य संकाय साथी डॉ. रेणुका राठौर, डॉ. ज्ञान प्रकाश भारती, डॉ. जितेन्द्र सिंह आदि की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. शशिकांत भारद्वाज द्वारा किया गया।

