खो नागोरियान में अवैध गोदामों को लेकर उठे सवाल, प्रशासन की कार्रवाई पर जनता की नजर
जयपुर। खो नागोरियान क्षेत्र में आबादी के बीच संचालित बताए जा रहे गोदामों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री से हुए हादसे में 8 लोगों की मौत के बाद भी अवैध रूप से संचालित बताए जा रहे गोदामों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कबाड़, प्लास्टिक एवं कतरन के गोदाम आबादी के बीच संचालित होने से आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन से मांग की जा रही है कि आबादी क्षेत्र में संचालित गोदामों की जांच कर उनके दस्तावेज, अनुमति और सुरक्षा मानकों की जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बताया जा रहा है कि जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पूर्व में कई गोदामों को सील किए जाने की कार्रवाई भी की गई थी। अब स्थानीय लोगों द्वारा सवाल उठाया जा रहा है कि यदि सील किए गए गोदाम दोबारा संचालित हो रहे हैं, तो उन्हें किसके आदेश या अनुमति से खोला गया? इसकी भी जांच की मांग उठ रही है।


