युवा साहित्यकार चित्रलेखा व्यास को साहित्य गौरव उपाधि, हिंदी दिवस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान

 युवा साहित्यकार चित्रलेखा व्यास को साहित्य गौरव उपाधि, हिंदी दिवस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान



उदयपुर/कानोड़/बडऩगर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। कानोड़ क्षेत्र की युवा लेखिका एवं कवयित्री चित्रलेखा व्यास ‘नीलचित्रा’ ने साहित्य के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्हें डॉ. जयकिरण शोध शिक्षण संस्थान, बडऩगर की ओर से ‘साहित्य गौरव’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। वहीं राष्ट्रीय स्तर की हिंदी दिवस प्रतियोगिता में उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

संस्थान की ओर से 14 सितंबर को आयोजित समारोह में चित्रलेखा व्यास को यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान पत्र में उनकी साहित्यिक रचनाशीलता तथा समाज में साहित्य के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत करने में योगदान की सराहना की गई।

इसके अलावा ‘साहित्य की दुनिया’ राष्ट्रीय साहित्यिक मंच, साहिबगंज (झारखंड) की ओर से 13 एवं 14 सितंबर को आयोजित हिंदी दिवस प्रतियोगिता-2026 में उन्होंने देशभर के प्रतिभागियों के बीच द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रलेखा व्यास की राजस्थानी कविता ‘बण री बेटी’ को साहित्य कला चेतना परिवार, नोहर द्वारा प्रकाशित तथा बेंगलूरु हिंदी अकादमी द्वारा पुरस्कृत ई-साहित्यिक पत्रिका ‘उपल’ के सितंबर-अक्टूबर 2026 अंक में भी स्थान मिला है।

व्यास हिंदी और राजस्थानी (मेवाड़ी) में कविता, गीत, कहानी और लोकगीत लिखती हैं। उनकी रचनाएं विभिन्न समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और ई-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। वे कई साझा काव्य-संग्रहों में भी सहलेखक के रूप में शामिल रही हैं। वर्ष 2026 में उन्हें विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं की ओर से कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

साहित्य के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने उपलब्धि हासिल की है। वे जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ, उदयपुर से कंप्यूटर साइंस एवं इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की पूर्व छात्रा हैं और हाल ही में इसी संस्थान से मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की डिग्री पूर्ण की है। इसके अलावा उन्होंने हिंदी साहित्य में बीए तथा अंग्रेजी साहित्य में एमए की शिक्षा भी प्राप्त की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने