रैली आकर्षण का केंद्र बना ग्लोबल डेवलपमेंट विलेज
स्काउट-गाइड को मिल रही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों की जानकारी
सीकर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एण्ड गाइड जिला सीकर के स्थानीय संघ थोई के तत्वावधान में स्थानीय संघ स्तरीय स्काउट एवं गाइड प्रतियोगिता रैली का आयोजन 12 से 17 सितंबर 2026 तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, थोई के खेल मैदान में किया जा रहा है। रैली में स्काउट एवं गाइड के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
रैली में शिविर कला, ट्रूप रिकॉर्ड, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, नशा मुक्ति एवं जीवन विषय पर भाषण, विचित्र वेशभूषा, शारीरिक प्रदर्शन, सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा पर निबंध, क्विज, अनुशासन, स्काउट-गाइड प्रदर्शनी, सिगनलिंग, प्राथमिक सहायता, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, लोकगीत, लोक नृत्य, सामूहिक देशभक्ति गीत एवं झांकी सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
ग्लोबल डेवलपमेंट विलेज बना आकर्षण का केंद्र
रैली में लगाया गया ग्लोबल डेवलपमेंट विलेज विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके माध्यम से स्काउट एवं गाइड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों, अभियानों एवं सतत विकास से जुड़े विषयों की जानकारी दी जा रही है।
ग्लोबल विलेज में WOSM, WAGGGS, YLACC, SIRF Smart 2.0, Scout Go Solar, Sustainable Development Goals (SDGs), Free Being Me तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक जैसी गतिविधियों एवं अभियानों के बारे में जानकारी और जागरूकता प्रदान की जा रही है। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, समानता, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सतत विकास एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न विद्यालयों की सहभागिता
रैली में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिपलाटा, घासीपुरा, कृष्णा स्कूल कावट, जुगलपुरा, हरिपुरा, बुर्जा की ढाणी, भारू की ढाणी, हरदास का बास, थोई एवं गढ़भोजी सहित विभिन्न विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड भाग ले रहे हैं।
स्काउट-गाइड परिवार कर रहा सहयोग
रैली के सफल आयोजन में सचिव सुवालाल कुमावत, सहायक सचिव घासीराम वर्मा, स्काउट मास्टर अबीर सिंह, कालूराम बुनकर, बजरंग लाल जाट, कैलाश चंद सोनी, मनीष कुमावत, रामकुमार यादव, सुणाराम शास्त्री, गिरधारी लाल सैनी, नरेंद्र कुमार, मनीष रोलानिया, सोहनलाल, अनिल सैनी, गाइड कैप्टन प्रियांशी टेलर, पायल सारवान, रोवर लीडर नवीन कुमार भास्कर, जिला यूथ सचिव राम प्रसाद भास्कर, रोवर सुंदरलाल, नरेंद्र, होशियार सिंह, धर्मेंद्र, राकेश, हिमांशु, जिगर कुमावत सहित स्काउट-गाइड एवं रोवर परिवार के सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
रैली के माध्यम से स्काउट एवं गाइड को मनोरंजन के साथ-साथ अनुशासन, साहस, सेवा, नेतृत्व, रचनात्मकता, पर्यावरण जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी स्काउट एवं गाइड से विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
