राजकीय महाविद्यालय कोटखावदा में हिंदी दिवस समारोह आयोजित

 राजकीय महाविद्यालय कोटखावदा में हिंदी दिवस समारोह आयोजित



हिंदी हमारी पहचान, संस्कृति और गौरव का प्रतीक : वक्ताओं ने व्यक्त किए विचार


कोटखावदा, 14 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय कोटखावदा में हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर को हिंदी समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करना तथा हिंदी के महत्व से परिचित कराना रहा।


समारोह में महाविद्यालय के हिंदी शिक्षक डॉ. सत्यनारायण चौधरी ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की महत्ता, उसके समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप तथा वर्तमान समय में हिंदी की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय अस्मिता से जुड़ी भाषा है। 

हिन्दी को केवल दिवस न बनाएँ,

हिन्दी को जीवन की आवाज़ बनाएँ! 

इस अवसर पर उन्होंने अपनी प्रभावशाली कविताएँ ‘हिंदी मेरे हिंद की शान है’ तथा ‘हिंदी में मन खो जाता है’ प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को भाव-विभोर कर दिया।


कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी भाषा एवं उसके महत्व से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने समारोह को जीवंत एवं प्रभावशाली बना दिया।


समारोह में प्रोफेसर रामकुमार देवांगन, डॉ. प्रकाश चंद मीणा, डॉ. रेखा मनोटिया, डॉ. नवल किशोर महावर एवं श्री सचिन स्वर्णकार ने भी हिंदी भाषा के महत्व, उसकी वर्तमान प्रासंगिकता तथा विद्यार्थियों के जीवन में हिंदी की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।


इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तृतीय वर्ष की छात्रा आरती मीणा, द्वितीय स्थान तृतीय वर्ष की छात्रा मोनिका गुर्जर ने प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान संयुक्त रूप से काजू मीणा एवं मीनाक्षी शर्मा ने प्राप्त किया।


समारोह में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकों की सहभागिता उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति गौरव, आत्मीयता एवं सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने