*ट्रक से बचने की कोशिश में सड़क पर गिरे दंपति, महिला की मौत*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटन के बाइपास पर जीडी हॉस्पिटल के पास रविवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दंपति मोटरसाइकिल से सुंदरदास से अपने गांव भूपसैड़ा जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार भूपसैड़ा निवासी लाली देवी और उनके पति मातादीन यादव बाइक से जा रहे थे। बाइपास पर सामने से आए ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में लाली देवी के सिर में गंभीर चोट आई।
परिजन दोनों को पाटन के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने लाली देवी को मृत घोषित कर दिया। उनका शव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं मातादीन यादव गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
