*नीमकाथाना में कांग्रेस का बोर्ड, महेश मेगोतिया बने पालिका अध्यक्ष*
*जीत के बाद शहर में जश्न का माहौल*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज ,राजस्थान
नीमकाथाना क्षेत्र मे नगर पालिका चुनाव 2026 के तहत सोमवार को नीमकाथाना नगर पालिका मे अध्यक्ष पद के लिए मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। खेतड़ी मोड़ से नेहरू पार्क तक आमजन के आवागमन को कुछ समय के लिए बंद रखा गया। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 39 पार्षदों ने मतदान किया। एक महिला पार्षद के मतदान के लिए पहुंचने में देरी होने के कारण मतदान प्रक्रिया के दौरान कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। बार-बार अलाउंसमेंट किए जाने के बावजूद अंतिम समय तक (2:00बजे)पार्षद के नहीं पहुंचने से चुनावी हलकों में उत्सुकता बनी रही।
मतगणना के बाद महेश मेगोतिया के नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा हुई। उपलब्ध चुनावी जानकारी के अनुसार उन्हें 21 वोट मिले, जबकि भाजपा के पक्ष में 18 वोट बताए जा रहे हैं। इस प्रकार महेश मेंगोतिया ने 3 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
महेश मेंगोतिया इससे पहले भी नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद का दायित्व संभाल चुके हैं। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने शहर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर में स्वच्छता अभियान को गति देना, सड़कों के निर्माण एवं सुधार, जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा शहर के विकास और विस्तार को नई दिशा देना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
उन्होंने नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, नगर पालिका के कर्मचारियों एवं सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाने का प्रयास किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।
नगर पालिका सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। निर्वाचन परिणाम सामने आते ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।
शहर के विभिन्न हिस्सों में समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्रित हुए विधायक सुरेश मोदी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महेश मेंगोतिया की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी अब प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से दूरभाष एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा।
*आज उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल*
अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न होने के बाद अब नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक कवायत शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद के परिणाम के बाद नगर की राजनीति में आगामी कदमों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है ।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने अब शहर की अपेक्षाओं को धरातल पर उतारने की चुनौती होगी। स्वच्छता ,सड़क निर्माण ,जल निकासी, रोशनी ,यातायात व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शहर की प्राथमिकताओं में है । ऐसे में आगामी कार्यकाल में योजनाओं को गति देने और विकास कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर नगर वासियों की नजर रहेगी। महेश मेंगोतिया के अध्यक्ष बनने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है ,और शहर में नई नगर पालिका बोर्ड से विकास कार्यों को लेकर उम्मीदें भी बढ़ी है।