नव प्रवेशित छात्राओं के लिए एनएसएस ओरिएंटेशन एवं प्लांटेशन ड्राइव आयोजित

 नव प्रवेशित छात्राओं के लिए एनएसएस ओरिएंटेशन एवं प्लांटेशन ड्राइव आयोजित


जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय में नव प्रवेशित छात्राओं के लिए एनएसएस ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं प्लांटेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेशित छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं गतिविधियों से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम्  राष्ट्र गीत के सामूहिक गायन एवं समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से हुआ,इसके पश्चात छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया। एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. मुकेश शर्मा ने नव प्रवेशित छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों एवं कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस का मूल उद्देश्य ‘Not Me But You’ अर्थात ‘मैं नहीं, आप’ की भावना के साथ विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, त्याग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि एनएसएस छात्राओं को समाज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता, समानता, बंधुता एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे क्षेत्रों में कार्य किया जाता है। उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवक दो वर्षों में कुल 240 घंटे की नियमित गतिविधियों में योगदान देते हैं तथा विशेष शिविरों के माध्यम से समुदाय के बीच रहकर सामाजिक समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए कार्य करते हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने छात्राओं को एनएसएस से जुड़कर टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस गतिविधियां छात्राओं के व्यक्तित्व संवर्धन के साथ-साथ उनमें पर्यावरण एवं समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अनुशासन को एनएसएस की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए अधिकाधिक छात्राओं से राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने का आह्वान किया।

इसी क्रम में एनएसएस इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में प्लांटेशन ड्राइव का आयोजन भी किया गया। प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी के मार्गदर्शन में छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर छात्राओं को पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित किया गया। छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

एनएसएस इकाई द्वितीय की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती पंकज कुमारी ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने तथा सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव प्रवेशित छात्राएं उपस्थित रहीं। इस दौरान कुछ छात्राओं ने अपने विचार साझा करते हुए एनएसएस से जुड़कर समाज एवं पर्यावरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं प्लांटेशन ड्राइव के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि एनएसएस केवल सेवा घंटे पूरे करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का अवसर है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने