डीएलएड ग्रुप प्रशिक्षण शिविर में सीख रहे हैं जीवन जीने की कला-डा रंजना जैन
सीकर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड, जिला मुख्यालय सीकर के तत्वावधान में डीएलएड ग्रुप प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 11 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। शिविर में 85 संभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रातः कालीन ध्वजारोहण डॉ रंजना जैन प्राचार्य शेखावाटी एसटीसी कॉलेज सीकर ने किया ।इस अवसर पर अपने उद्बोधन में जैन ने कहा कि स्काउटिंग जीवन जीने की कला है, उसको जीवन पर्यंत जीए
राष्ट्र के सफल नागरिक बने
इस अवसर पर रामनिवास राजोतिया पूर्व सचिव स्थानीय लक्ष्मणगढ़ ने भी अपने जीवन की स्काउटिंग के अनुभव संभागियों को बताया।
शिविर के दौरान संभागियों को स्काउटिंग-गाइडिंग के माध्यम से दैनिक जीवन में उपयोगी अनेक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्राथमिक सहायता, विभिन्न प्रकार की गांठें, अनुमान लगाना, जंगल में विपरीत परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के तरीके, टोली विधि, अनुशासन सहित जीवन को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने वाले विभिन्न व्यावहारिक कौशल सिखाए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य संभागियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना, अनुशासन तथा आपात परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। शिविर में प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इन कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
शिविर के सफल संचालन में सीओ स्काउट बसंत कुमार लाटा, सीओ गाइड आचू मीणा, रोवर लीडर रामप्रसाद भास्कर, रोवर लीडर पीतांबर लौरा, स्काउट मास्टर मनीष कुमावत एवं स्काउट मास्टर मुरलीधर शर्मा सहित अन्य प्रशिक्षक एवं कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।
शिविर के माध्यम से डीएलएड संभागियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि शिक्षा के साथ-साथ जीवन जीने के व्यावहारिक कौशल, सेवा भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण अंग हैं।
