राजस्थान हाईकोर्ट ने ब्लॉक समन्वयक की सेवा समाप्ति के आदेश पर लगाई रोक, सरकार से मांगा जवाब
जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ ने सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में कार्यरत ब्लॉक समन्वयक (ब्लॉक कोऑर्डिनेटर) की सेवा समाप्ति के आदेशों के प्रभाव और क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति अनूप सिंघी की एकलपीठ ने यह आदेश याचिकाकर्ता मनोज कुमार जाखड़ की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। अदालत ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब तलब किया है। हाईकोर्ट में याचिकाकर्ता मनोज कुमार जाखड़ की ओर से अधिवक्ता अक्षय यादव ने पैरवी की। याचिकाकर्ता को 13 जुलाई 2026 और 15 जुलाई 2026 के आदेशों के तहत लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के ब्लॉक समन्वयक पद से हटाने का निर्देश दिया गया था।याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि जिन जांच रिपोर्टों के आधार पर सेवा समाप्ति का आदेश दिया गया, उनमें याचिकाकर्ता का नाम शामिल ही नहीं था एवं नियमानुसार उनके खिलाफ कार्रवाई करने से पहले नियम 19 का पालन करना अनिवार्य था, जिसे अनदेखा किया गया। अदालत ने सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए सेवा समाप्ति आदेशों पर रोक लगा दी। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने उत्तरदाताओं को निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता को लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में ब्लॉक समन्वयक के पद पर यथावत कार्य करने दिया जाए।
