संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर सवाई मानसिंह स्टेडियम से 25 रथों को किया गया रवाना
जयपुर, 5 अगस्त। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सवाई मानसिंह स्टेडियम में भव्य कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री श्री प्रेमचंद बेरवा, उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी, मालवीय नगर विधायक श्री कालीचरण सर्राफ, जयपुर शहर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक श्री गोपाल शर्मा, जयपुर शहर के पूर्व सांसद श्री रामचरण बोहरा, भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल सहित प्रदेशभर के अनेक विधायक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन मिट्टी से युक्त कलश का विधिवत पूजन एवं वंदन किया। इसके पश्चात प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 25 भव्य रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो संत गुरु रविदास महाराज के समता, मानवता, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए समाज से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।