कार्यस्थल पर मृत श्रमिक के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता, उत्तर प्रदेश-बिहार संयुक्त समाज ने जताया आभार*


*कार्यस्थल पर मृत श्रमिक के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता, उत्तर प्रदेश-बिहार संयुक्त समाज ने जताया आभार*



जयपुर। वीकेआई क्षेत्र में कार्य के दौरान करंट लगने से जान गंवाने वाले बिहार के मधुबनी निवासी श्रमिक रॉबिन मंडल के परिजनों को फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता राशि आधी नकद एवं आधी चेक के माध्यम से दी गई।


उत्तर प्रदेश-बिहार संयुक्त समाज ने कहा कि संगठन के लगातार प्रयासों, पीड़ित परिवार के समर्थन तथा प्रशासन के समक्ष मामले को गंभीरता से उठाने के बाद यह सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। संगठन ने उम्मीद जताई कि इससे शोकाकुल परिवार को तत्काल आर्थिक संबल मिलेगा।


इस दौरान संगठन मंत्री अशोक पांडे, विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष विद्याधर दुबे, वार्ड नंबर 4 के अध्यक्ष अनिल कुमार, वार्ड नंबर 4 के सचिव मुन्ना गुप्ता, वार्ड नंबर 4 के सहसचिव नवोध सिंह सहित उत्तर प्रदेश और बिहार समाज के बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।


संगठन मंत्री अशोक पांडे ने कहा कि रॉबिन मंडल के परिवार के साथ न्याय सुनिश्चित करने और उन्हें आवश्यक सहायता दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रयासरत रहा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन श्रमिकों के अधिकारों और जरूरतमंद परिवारों के हितों के लिए आवाज उठाता रहेगा।


उल्लेखनीय है कि रॉबिन मंडल जयपुर के वीकेआई क्षेत्र स्थित 'मी इंडस्ट्रीज' में कार्यरत थे। संगठन के अनुसार, कार्य के दौरान करंट लगने से उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश-बिहार संयुक्त समाज ने निष्पक्ष जांच, उचित मुआवजे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई थी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने