#पत्रकारों_को_मिलेगी_सुरक्षा
: भरतपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ खोजी पत्रकारिता करने वाले मीडियाकर्मियों के लिए राहत भरी बड़ी और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। पंचायती राज विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने भरतपुर में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। कुणाल ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार को बेनकाब करने वाले पत्रकारों को अब किसी भी तरह से डरने की जरूरत नहीं है। मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि इस घोषणा से राजस्थान में खोजी पत्रकारिता को एक सुरक्षित माहौल मिलेगा और जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार यह महत्वपूर्ण ऐलान जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित पंचायती राज विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान किया है। बैठक में शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन और पुलिस को मीडियाकर्मियों की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए है। शासन सचिव ने बैठक में अधिकारियों को चेताया कि यदि कोई व्यक्ति या अधिकारी भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकारों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है या किसी भी तरह से प्रताड़ित करने का प्रयास करता है, तो ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन लेगा और पत्रकारों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाएगी।
शासन सचिव ने निर्देश दिए है कि भ्रष्टाचार के हर मामले में बिना किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के निष्पक्ष जांच की जाए। सरकारी विभागों के कामकाज और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। सरकारी कार्यों में गड़बड़ी या वित्तीय अनियमितता करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। शासन सचिव के इस बड़े कदम का प्रेस जगत, पत्रकार संगठनों और जागरूक समाज ने पुरजोर स्वागत किया है। मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि इस घोषणा से राजस्थान में खोजी पत्रकारिता को सुरक्षित माहौल मिलेगा एवं जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी।
