खाटूश्यामजी एकादशी मेले में पत्रकार से अभद्रता का मामला: वॉइस ऑफ मीडिया ने डीवाईएसपी को दी जानकारी, पत्रकारों के सत्यापन पर उठे सवाल
खाटूश्यामजी। खाटूश्यामजी एकादशी मेले के दौरान एक पत्रकार का मोबाइल छीने जाने तथा अस्थायी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी द्वारा पत्रकार के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया संगठन के पदाधिकारियों ने डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी। अधिकारियों से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा पत्रकारों के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ ने पत्रकारों की बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना दोबारा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में असली और फर्जी पत्रकारों की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। कई लोग प्रेस कार्ड गले में डालकर मौके पर पहुंच जाते हैं, जिससे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए वास्तविक पत्रकारों की पहचान करना कठिन हो जाता है।
इस पर संगठन के पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि पत्रकारों के पहचान पत्रों पर अंकित क्यूआर कोड के माध्यम से सत्यापन किया जा सकता है। उनका कहना था कि कई पत्रकारों के कार्ड पीआरजी से पंजीकृत हैं। इस पर डीवाईएसपी ने कहा कि फर्जी कार्ड भी बनाए जा रहे हैं तथा फील्ड ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के पास तत्काल डिजिटल सत्यापन की सुविधा उपलब्ध नहीं होती।
बैठक के दौरान यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठा कि जब नेताओं की प्रेस वार्ताओं और सरकारी कार्यक्रमों में पत्रकारों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया जाता है, तो मेलों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में ऐसी व्यवस्था प्रभावी रूप से क्यों नहीं अपनाई जाती। संगठन ने डीपीआईआर पोर्टल के माध्यम से भी सत्यापन व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया।
पत्रकारों ने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयंभू पत्रकारों एवं कंटेंट क्रिएटर्स की बढ़ती संख्या के कारण सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से पंजीकृत समाचार पत्रों और वास्तविक पत्रकारों को कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से फर्जी पत्रकारों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पत्रकारों के सत्यापन की स्पष्ट व्यवस्था बनाने की मांग की।
बैठक के अंत में डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ ने सभी पत्रकारों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और पत्रकारों के सम्मान व बेहतर समन्वय का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर राजस्थान पब्लिक संवाद न्यूज़ के संपादक घनश्याम शर्मा, वॉइस ऑफ मीडिया संगठन के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, पंछी का संदेश के संपादक केशव सोलंकी, संदीप अग्रवाल, जयपाल सिंह शेखावत तथा नित्यानंद शर्मा (लिसाड़िया) सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ द्वारा सकारात्मक संवाद और पत्रकारों की बात गंभीरता से सुनने पर उनका आभार व्यक्त किया।