०9 महीने तक चलता रहा Jio Fiber, फिर अचानक ब्लॉक हुआ सेटअप बॉक्स!

०9 महीने तक चलता रहा Jio Fiber, फिर अचानक ब्लॉक हुआ सेटअप बॉक्स!

 अलवर में उपभोक्ता का हंगामा, कार्यवाही की चेतावनी

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट* 

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर के न्यू प्रीत विहार, ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक Jio Fiber उपभोक्ता ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। उपभोक्ता का दावा है कि करीब ०9 महीने तक इंटरनेट सेवा सुचारु रूप से चलने के बाद पिछले तीन दिनों से उसका कनेक्शन अचानक बंद हो गया, जिससे उसे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित के अनुसार, उसके घर पर नीरज नामक युवक द्वारा Jio Fiber कनेक्शन स्थापित किया गया था। शुरुआत से ही कनेक्शन सामान्य रूप से चलता रहा और वह हर माह ₹700 का नियमित भुगतान करता रहा। लेकिन अचानक इंटरनेट सेवा ठप होने पर जब उसने कस्टमर केयर से संपर्क किया तो उसे बताया गया कि उसके घर पर लगा सेटअप बॉक्स उसके कनेक्शन का नहीं है, इसलिए सिस्टम ने उसे ब्लॉक कर दिया है।
उपभोक्ता का आरोप है कि इंस्टॉलेशन के दौरान कंपनी के कर्मचारी ने किसी अन्य ग्राहक का सेटअप बॉक्स उसके घर पर लगा दिया, जबकि इस गलती की जानकारी उसे कभी नहीं दी गई। अब उसी तकनीकी लापरवाही का खामियाजा उसे भुगतना पड़ रहा है।
पीड़ित का कहना है कि लगातार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पिछले तीन दिनों से समस्या का समाधान नहीं किया गया। इंटरनेट सेवा बंद होने से उसके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कंपनी की ओर से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
उपभोक्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ उपभोक्ता आयोग एवं संबंधित दूरसंचार प्राधिकरण के समक्ष भी मामला उठाएगा।
हालांकि, इस मामले में Jio Fiber या संबंधित कंपनी का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने