खो नागोरियान में फिर लगी आग, आखिर कब जागेगा प्रशासन?
पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड के बाद भी नहीं चेता प्रशासन, अवैध गोदामों और कारखानों पर कार्रवाई की मांग
जयपुर। खो नागोरियान क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड की दर्दनाक यादें अभी लोगों के जेहन से निकली भी नहीं थीं कि अब एक अवैध कपड़ा कारखाने में भीषण आग लगने की घटना सामने आ गई। आग इतनी भयानक थी कि आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
स्थानीय वार्डवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध गोदामों और कारखानों के संचालन को लेकर पहले भी पुलिस थाने और जिला कलेक्ट्रेट में लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम क्षेत्र का हिस्सा होने के बावजूद खो नागोरियान की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किए जाने पर लोगों में नाराजगी है।
गौरतलब है कि करीब पांच-छह महीने पहले खो नागोरियान में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कबाड़ और कतरन के करीब 40 गोदामों को सील किया था, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ समय बाद कई गोदाम दोबारा संचालित होने लगे।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब आबादी क्षेत्र में इस तरह के गोदामों के संचालन की अनुमति नहीं है, तो आखिर ये किसकी अनुमति या संरक्षण में चल रहे हैं? हालिया आगजनी की घटना से जुड़े गोदाम की जमीन पर भी दो से तीन लोगों के कब्जे की बात सामने आ रही है। गोदाम संचालक गौरव अग्रवाल का नाम भी स्थानीय स्तर पर सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां से माल खरीदकर बाहर भेजा जाता था। हालांकि, इन सभी तथ्यों की प्रशासनिक जांच जरूरी है।

