*चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश*
*प्रकृति, प्रदूषण मुक्त भारत और विकसित भारत-2047 विषयों पर बच्चों ने दर्शाई रचनात्मक प्रतिभा*
जयपुर। भारतीय लेखा एवं लेखापरीक्षा विभाग की ओर से 16 से 30 नवम्बर तक मनाए जा रहे ऑडिट पखवाड़े के तहत जयपुर स्थित प्रधान महालेखाकार कार्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार 25 नवम्बर को स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें शहर के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 'प्रकृति', कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 'प्रदूषण मुक्त भारत' और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 'विकसित भारत-2047' विषय रखा गया। इसमें सेंट जेवियर स्कूल, सेंट एनीस स्कूल, महावीर पब्लिक स्कूल, विनय भारती बाल मंदिर, मदर ग्रेस स्कूल और अपैक्स इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सभी बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और विकसित भारत की परिकल्पना को खूबसूरती से उकेरा। इस अवसर पर कार्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हॉल में भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा विभाग (आईए एंड एडी) के कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने विशेष रुचि दिखाई। इस प्रतियोगिता की प्रत्येक श्रेणी में सफल तीन प्रतिभागियों को शुक्रवार 27 नवम्बर को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
'पैसा बोलता है, सीएजी सुनता है'–
इस प्रतियोगिता के अलावा राजा रामदेव पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 'पैसा बोलता है, सीएजी सुनता है' शीर्षक से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। लेखा परीक्षा कार्यालय के कार्मिकों द्वारा अभिनीत इस नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के दायित्वों, कार्यप्रणाली और सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व की जानकारी दी गई। नाटक के बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्रधान महालेखाकार सुश्री के. मणि मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने और देश की उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन कल्याण अधिकारी रजनीश शर्मा ने किया। इसमें उपेन्द्र सिंह राठौड़, किशोर कुमार, शेखर विजय, सतनाम सिंह सूरी, अनंत जैन, विजेंद्र कुमार और राहुल भदाला ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं।ऑडिट पखवाड़े के तहत 26 नवम्बर को अल्बर्ट हॉल के सामने, सी-स्कीम स्थित सेंट्रल पार्क और मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में भी नुक्कड़ नाटक मंचित किए जाएंगे। गौरतलब है कि इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन और विद्यार्थियों को लेखा परीक्षा, वित्तीय पारदर्शिता, जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना है।

