*त्योहारी सीजन में स्पेशल ट्रेने दौडाकर भी उत्तर पश्चिम रेलवे समयपालनता में रहा प्रथम*
_96.51 प्रतिशत समयपालनता के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे ने हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धि_
उत्तर पश्चिम रेलवे ने त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अनेक स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन कर यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध करवाई जा रही है।। विशेष बात यह रही कि त्यौहारों के दौरान नियमित रेलसेवाओं के साथ अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के बावजूद उत्तर पश्चिम रेलवे ने 96.51 प्रतिशत समयपालनता के साथ देशभर के क्षेत्रीय रेलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
त्योहारी सीजन में दीपावली एवं छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की आवाजाही में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इस दौरान यात्रियों की सुविधा एवं अतिरिक्त यातायात को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया गया एवं आवश्यकता के अधार पर और भी स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है।इसके साथ ही नियमित रेलसेवाओं के सुचारू संचालन एवं समयपालनता बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी निगरानी की गई।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेल संचालन की निरंतर मॉनिटरिंग, बेहतर परिचालन समन्वय तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल की गई है। व्यस्त त्योहारी अवधि में अतिरिक्त रेलसेवाओं के संचालन के बावजूद ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करना रेलवे की परिचालन दक्षता एवं कार्यकुशलता को दर्शाता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध करवाना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के साथ-साथ समयपालनता बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए गए। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय रेलकर्मियों के समर्पण, बेहतर समन्वय एवं सतत प्रयासों
को दिया।