*दीपावली की खुशियां अपनों के संग : लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट ने हरिजन बस्ती में मनाया दीपोत्सव, मिठाई खिलाकर दिया सामाजिक समरसता का संदेश*
*लक्ष्मणगढ़।* सेवा, संस्कार और स्वाभिमान की भावना को आत्मसात करते हुए लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ द्वारा आध्यात्मिक चेतना अभियान के तहत समरसता, भाईचारा, खुशियां अपनों के संग, त्योहार अपने भाइयों के संग अभियान के अंतर्गत छोटी दीपावली को एवं दीपावली की पूर्व संध्या पर वार्ड नंबर 26 स्थित गोगा जी महाराज के मंदिर के पास हरिजन बस्ती में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
*कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलित कर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने बस्ती में रहने वाले अपने भाइयों के साथ मिलकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर, गले लगाकर एवं दीपावली की शुभकामनाएं देकर प्रेम, अपनत्व और भाईचारे का अनूठा संदेश दिया।*
इस अवसर पर ट्रस्ट कार्यकर्ताओं ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का भी पर्व है। जब त्योहार की खुशियां अपने परिवार और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर मनाई जाती हैं, तो उन खुशियों का आनंद कई गुना बढ़ जाता है।
लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ प्रतिवर्ष इसी भावना के साथ कच्ची बस्तियों एवं हरिजन बस्तियों में अपने भाइयों के बीच पहुंचकर दीपावली का त्योहार मनाता है। ट्रस्ट का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी बराबरी, सम्मान और अपनत्व का एहसास करवाना है। ट्रस्ट का मानना है कि समाज में न कोई छोटा है, न कोई बड़ा, न कोई ऊंचा है और न कोई नीचा। हम सभी एक हैं और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना ही सच्ची सामाजिक समरसता है।
ट्रस्ट की इस पहल ने दीपावली के पावन पर्व पर आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इन खुशियों में बराबर का भागीदार बने।
लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की नगरवासियों से अपील
*ट्रस्ट ने समस्त नगरवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ दीपावली का त्योहार मनाएं। समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और भेदभाव की भावनाओं को दूर कर समानता एवं समरसता को अपनाएं। जरूरतमंदों की सहायता करें, एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें।*
ट्रस्ट का संदेश —
दीपावली के दीप केवल घरों में ही नहीं, दिलों में भी जलने चाहिए। खुशियां केवल अपनों के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के साथ बांटनी चाहिए। यही सच्ची दीपावली है, यही सामाजिक समरसता है और यही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।
लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ — सेवा, संस्कार, स्वाभिमान एवं सामाजिक समरसता के लिए सदैव समर्पित।
इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी, गुरु जी रामनिवास शर्मा, गिरधारी लाल जाजोदिया, दीनदयाल जोशी, प्रभारी एवं सीकर चूरू जिला प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा, दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रभारी कमल कुमावत, अमित सोनी, वार्ड पार्षद पवन वाल्मीकि, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि शिव प्रकाश सैनी (बादल) पूर्व पार्षद गौरी शंकर शर्मा, राकेश वाल्मीकि, मंदिर पुजारी पप्पू महाराज, सुंडाराम, मुकेश कुमार, शशि प्रकाश कुमावत, लालचंद कुमावत, कृष कुमावत, सहित लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ के सभी कार्यकर्ता एवं वाल्मीकि बस्ती के सभी गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
