ELC 2.0 के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं मतदान शपथ का आयोजन


ELC 2.0 के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं मतदान शपथ का आयोजन




जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर, जयपुर में Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 के तत्वावधान में नव मतदाता पंजीकरण, निष्पक्ष मतदान तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत व्याख्यान, विचार-विमर्श, छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति तथा मतदान शपथ जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं प्रेरक संबोधन से हुआ। उन्होंने छात्राओं को निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के महत्व से अवगत कराया तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी पात्र छात्राओं को ECINET पोर्टल के माध्यम से मतदाता सूची में अपना पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है तथा प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग एवं जिम्मेदार होना चाहिए।


अभियान के अंतर्गत ELC 2.0 की छात्रा सदस्यों द्वारा एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से नव मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा लोकतंत्र में प्रत्येक मत की भूमिका को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति का उद्देश्य छात्राओं को मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने परिवार एवं समाज में भी मतदाता साक्षरता का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित करना था।


इस नुक्कड़ नाटक की परिकल्पना एवं प्रस्तुति में ELC अध्यक्ष जिया चौधरी तथा उपाध्यक्ष प्रिया शर्मा की प्रमुख भूमिका रही। इनके साथ अंकिता चौधरी, वंशिका चौहान, दिशा, कृषिका शर्मा एवं नंदिनी चौरसिया ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। छात्राओं की प्रस्तुति ने निष्पक्ष मतदान, जिम्मेदार नागरिकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम का समन्वय ELC की नोडल अधिकारी प्रो. मधुलिका सिंह उज्ज्वल द्वारा किया गया। इस अवसर पर ELC सदस्य डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ महाविद्यालय के संकाय सदस्य प्रो. रेणुका राठौड़, प्रो. सुमन ढाका, प्रो. महेंद्र चौधरी, प्रो. ज्ञानचंद भारती ,  प्रो. वीरेंद्र वर्मा सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को मतदाता जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।


कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी के नेतृत्व में लगभग 160 छात्राओं एवं उपस्थित संकाय सदस्यों ने निष्पक्ष मतदान करने, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा समाज में मतदाता अधिकारों एवं मतदाता साक्षरता के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली।


इस प्रकार ELC 2.0 के अंतर्गत आयोजित यह अभियान छात्राओं में लोकतांत्रिक चेतना, मतदाता साक्षरता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने