युवा शक्ति संस्कारों और सेवा के संकल्प के साथ समाज को नई दिशा दे — विधायक ताराचंद जैन

 युवा शक्ति संस्कारों और सेवा के संकल्प के साथ समाज को नई दिशा दे — विधायक ताराचंद जैन



विवेक अग्रवाल


उदयपुर। अरिहंत युवा मंच संस्थान, से-11 उदयपुर का नवीन कार्यकारिणी शपथ ग्रहण समारोह एवं पारिवारिक मिलन समारोह गोल्डनेस्ट रूबीस्टोन हेरिटेज रिसोर्ट, चीरवा में उत्साह, उमंग, धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महावीर दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं उदयपुर शहर विधायक श्री ताराचंद जी जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि श्री योगेश जी अखावत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की तथा श्री अशोक जी सिंघवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में युवाओं की ऊर्जा, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन, पारिवारिक आत्मीयता और धार्मिक संस्कारों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ विकास जी भोपावत की सुपुत्री चाहत जैन के मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजकुमार जी भोरावत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्थान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यकारी कोषाध्यक्ष श्री मुकेश जी मेहता ने वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया। समारोह के गौरवपूर्ण क्षण में मुख्य अतिथि श्री ताराचंद जी जैन ने नवीन अध्यक्ष डॉ. निलेश जैन सहित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करवाया।

नवीन कार्यकारिणी में अध्यक्ष डॉ. निलेश जैन, उपाध्यक्ष यश बोहरा, सचिव प्रशम गंगावत, सह सचिव प्रतीक भोरावत, कोषाध्यक्ष विशाल कोडिय़ा, सांस्कृतिक मंत्री दीपक सलावत, संगठन मंत्री अभिषेक सिंघवी, सह संगठन मंत्री लक्ष्य भोपावत, प्रचार-प्रसार मंत्री मुकुल ढेलावत तथा कार्यकारिणी सदस्य अमन सिंघवी, सिद्धार्थ ठाकुर्डिया, केतन गंगावत, जतिन गंगावत, रजत टीमरवा, मोहित टिमरवा, निखिल भोरावत, सिद्धेश मेहता एवं निश्चल मेहता शामिल हैं। सभी पदाधिकारियों ने संस्था के उद्देश्यों के प्रति निष्ठा रखते हुए धार्मिक संस्कारों, सामाजिक एकता, युवा सहभागिता और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

नवीन अध्यक्ष डॉ. निलेश जैन ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी वरिष्ठजनों, मार्गदर्शकों एवं साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था की सफलता केवल आयोजित कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से तय होगी कि उन कार्यक्रमों से कितने युवाओं के जीवन में धर्म, संस्कार और सेवा का भाव जागृत हुआ। उन्होंने अपनी भावी कार्ययोजना के तीन प्रमुख आयाम प्रस्तुत किए। पहला, युवाओं का धर्म से वास्तविक जुड़ाव स्थापित करना, ताकि वे जैन दर्शन को समझें, जिनवाणी का स्वाध्याय करें और धर्म को केवल परंपरा नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला के रूप में अपनाएँ। दूसरा, बिना किसी भेदभाव के युवाओं को मंच से जोडऩा तथा तकनीक, आयोजन, वक्तृत्व, सेवा और कला जैसी विभिन्न प्रतिभाओं को उचित अवसर प्रदान करना। तीसरा, वरिष्ठजनों के अनुभव एवं संस्कारों और युवाओं की ऊर्जा एवं नवीन विचारों के बीच सेतु स्थापित करना। उन्होंने कहा कि वे अध्यक्ष के रूप में सभी से सीखते हुए, सहयोग प्राप्त करते हुए और आवश्यकता पडऩे पर स्वयं आगे बढक़र कार्य करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, "परिवर्तन की शुरुआत समाज से पहले स्वयं से होती है; आत्मजागरण ही सच्चे धर्माचरण का प्रारंभ है।"

मुख्य अतिथि विधायक श्री ताराचंद जी जैन ने अपने उद्बोधन में अरिहंत युवा मंच की नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं में ऊर्जा, उत्साह और नवीन विचारों की अपार क्षमता होती है। यदि इस शक्ति को धर्म, संस्कार, सेवा और सामाजिक दायित्वों के साथ जोड़ा जाए, तो समाज को नई दिशा प्रदान की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जैन धर्म के सिद्धांतों एवं संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा समाज की एकता, धार्मिक जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. निलेश जैन के नेतृत्व में नवीन कार्यकारिणी संस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में उपस्थित क्रछ्व अंकित ने अपनी एंकरिंग एवं गेम्स जॉकी शैली से सदस्यों और परिवारजनों को खूब आनंदित किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक एवं नवीन गेमिंग टूल्स के माध्यम से विभिन्न मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित कीं। बच्चों के लिए विशेष खेलों के साथ कपल्स के लिए भी कई प्रकार की नवीन गतिविधियाँ करवाई गईं। पूल के भीतर आयोजित रस्साकशी ने प्रतिभागियों में विशेष उत्साह भर दिया। अनेक कपल्स ने मनोरंजक खेलों में भाग लेकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इन गतिविधियों ने सदस्यों को एक-दूसरे के साथ समय बिताने, आपसी परिचय बढ़ाने और पारिवारिक संबंधों को अधिक आत्मीय बनाने का अवसर प्रदान किया।

आयोजन का आध्यात्मिक पक्ष भी अत्यंत प्रभावशाली रहा। डॉ. निलेश शास्त्री, पंडित दीपक शास्त्री एवं सुश्री चाहत जैन ने अपने मधुर स्वरों से जिनेंद्र भक्ति की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। भक्तिमय संगीत और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण धर्ममय हो उठा। उपस्थित साधर्मी एवं धर्मानुरागी भक्ति भाव से झूम उठे और सामूहिक भक्ति का आनंद लिया। भक्ति कार्यक्रम के अंतिम चरण में तीनों प्रस्तुतकर्ताओं ने अपनी स्वरचित सुंदर भजन रचना "मेरा आत्मा स्वभाव से ज्ञानमय ही था" की पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं। आत्मस्वरूप और आध्यात्मिक चेतना का भाव जगाने वाली इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने