कार्यस्थल पर महिला सुरक्षा विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं महिला नीति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अलका त्रिपाठी ने की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो. अनीता मीणा ने अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित शिकायत प्रक्रिया, संस्थागत जिम्मेदारियों तथा इस विषय में जागरूकता के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम में प्रो. मुकेश शर्मा एवं प्रो. ज्ञानचंद भारती ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. रेणुका राठौड़, डॉ. जितेंद्र वर्मा, एनएसएस प्रभारी वीरेंद्र वर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य, कर्मचारी, छात्राएँ एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
महिला नीति प्रकोष्ठ की ओर से डॉ.अजय जाखड़ एवं आभा अग्रवाल की सहभागिता रही। मंच संचालन अजय जाखड़ एवं वीरेंद्र वर्मा ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं कार्मिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महाविद्यालय में सुरक्षित, समानतापूर्ण एवं सम्मानजनक वातावरण को प्रोत्साहित करना रहा।
