*नारी शक्ति के सम्मान और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ अभाविप का युवती सम्मेलन आयोजित*
*छात्राओं को आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में आगे बढ़ने का संदेश; पंच परिवर्तन पर भी हुआ मंथन*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की नीमकाथाना इकाई की ओर से शुक्रवार को वरदा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में ‘नारी राष्ट्र गौरव—युवती सम्मेलन 2026’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्राओं, युवतियों एवं मातृशक्ति ने भाग लिया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक एवं काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वीरांगना कविता सामोता ने कहा कि छात्राओं की भूमिका केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की भी है। उन्होंने छात्राओं से अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि सेवा भारती की जिला सहमंत्री सारिका यादव ने पंच परिवर्तन के विषय पर विचार रखते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को जीवन में अपनाकर परिवार, समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
अभाविप की प्रांत छात्रा प्रमुख अंजली चौरसिया ने विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति एवं छात्राओं के लिए किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिषद छात्राओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सम्मेलन का समापन नारी शक्ति के सम्मान के साथ किया गया।


