रंगायन सभागार में गूंजे रविंद्र जैन और राजेश रोशन के सदाबहार नगमे, पुरानी यादों में खोए श्रोता
जयपुर। जवाहर कला केंद्र के रंगायन सभागार में रविवार को स्वर साधना संस्थान की ओर से आयोजित संगीत संध्या ‘सुन साहिबा सुन’ में सदाबहार गीतों की सुरमयी शाम सजी। रविंद्र जैन और राजेश रोशन के संगीत से जुड़े लोकप्रिय नगमों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को पुरानी मधुर यादों में पहुंचा दिया। कार्यक्रम में कलाकारों ने ‘सुन साहिबा सुन, कहो ना प्यार है’, ‘अंखियों के झरोखे से’ और ‘एक डाल पर तोता बोले’ जैसे लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मधुर सुरों और सधी हुई गायकी पर दर्शक भी झूमते नजर आए। हर प्रस्तुति के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। संस्था के संस्थापक नरेंद्र सिंह मेहता ने ‘तू जो मेरे सुर में सुर मिलाये’ गीत प्रस्तुत कर संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया। वहीं बाल कलाकार यशिता और काशी कुमावत की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली। कार्यक्रम में कैलाश सोलंकी, धर्मेंद्र उपाध्याय, जेपी रामावत, समीर सैन और नीलिमा कुमावत सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। सदाबहार गीतों, सुरीली आवाजों और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने ‘सुन साहिबा सुन’ की शाम को संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बना दिया।

