*श्री दिगंबर जैन युवा महासभा एवं परिष्कार कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में भव्य 6 नवंबर को रक्तदान शिविर
*-- कैलाश चंद्र कौशिक
जयपुर। श्री दिगंबर जैन युवा महासभा एवं परिष्कार कॉलेज ऑफ ग्लोबल एक्सीलेंस के संयुक्त तत्वावधान में 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक परिष्कार कॉलेज, शिप्रा पथ, मानसरोवर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में राजकीय जयपुरिया अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया जाएगा। रक्तदान के साथ आमजन के लिए विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
शिविर में दांतों की निःशुल्क जांच, आंखों की निःशुल्क जांच तथा ENT (कान, नाक एवं गला) विशेषज्ञ द्वारा निःशुल्क जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर (BP), ब्लड शुगर एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी निःशुल्क की जाएंगी।
श्री दिगंबर जैन युवा महासभा के अध्यक्ष जिनेश कुमार जैन एवं महामंत्री गौरव जैन ने बताया कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में रक्त की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की।
महासभा की महिला अध्यक्ष मोनिका जैन एवं महिला महामंत्री श्वेता सेठी ने भी महिलाओं एवं युवाओं से इस मानव सेवा के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों तक रक्त उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
शिविर के संरक्षक राजकुमार छाबड़ा एवं मुख्य संयोजक अरुण कोडीवाल ने बताया कि शिविर की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। रक्तदान के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिक जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना है।
शिविर के संयोजक मुकेश पोद्दार, शरद जैन, ताराचंद जैन,अनिल चांदवाड़, दिलीप जैन, पन्नालाल चांदवाड़, सुरेंद्र काला, अशोक जैन एवं मनीष सोगानी ने आमजन से परिवार एवं मित्रों सहित शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने की अपील की।
आयोजकों ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना तथा मानव सेवा, सामाजिक सरोकार एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। रक्तदान के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा इस सेवा अभियान को और व्यापक बनाएगी।
