अग्रसेन जयंती पर भव्य शोभायात्रा 11 अक्टूबर को
अग्रकुल प्रवर्तक महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती 11 अक्टूबर को, प्रातः 9 बजे निकलेगी अग्र समाज की भव्य शोभायात्रा
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। अग्रकुल प्रवर्तक श्री श्री 1008 महाराजाधिराज अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती रविवार, 11 अक्टूबर को अग्रवाल समाज द्वारा श्रद्धा, उल्लास एवं सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर हवन-पूजन, ध्वजारोहण, भव्य शोभायात्रा एवं पारितोषिक वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अग्रसेन जयंती महोत्सव के आयोजन को लेकर सूरजपोल स्थित अग्रवाल भवन में अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं आयोजन को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
समिति ने निर्णय लिया कि शहर में चल रहे दस दिवसीय रामलीला मंचन के कारण पूर्व निर्धारित समय पर शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना संभव नहीं होगा। ऐसे में कार्यक्रम के समय में परिवर्तन करते हुए अब रविवार, 11 अक्टूबर को प्रातः 7:30 बजे निंबार्क प्रांगण में हवन-पूजन एवं ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 9:00 बजे निंबार्क प्रांगण से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी।
शोभायात्रा निंबार्क प्रांगण से रवाना होकर सूरजपोल, बापू बाजार, दिल्ली गेट, धानमंडी, लखारा चौक, झीनीरेत, सूरजपोल एवं फतह मेमोरियल होते हुए पुनः निंबार्क प्रांगण पहुंचेगी। यहां पारितोषिक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इससे पूर्व शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रातः 9:00 बजे सूरजपोल स्थित अग्रवाल भवन से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें समाजबंधु उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
समिति के सचिव दीपक बंसल ने बताया कि बैठक में सभी समिति सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से अग्रसेन जयंती के विभिन्न आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
बैठक में संजय अग्रवाल (मारवाड़ी), संजय अग्रवाल, दीपक बंसल, अशोक अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, एडवोकेट सत्यनारायण गुप्ता, राजेश अग्रवाल, गजेंद्र अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, दिनेश बंसल, सुरेश अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, उमा बंसल, सुनीता बंसल, रमा मित्तल, नीतू गुप्ता, संतोष पित्ती, प्रिया मित्तल, रानू मित्तल, दीपिका अग्रवाल, अनामिका अग्रवाल सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
