माय भारत पोर्टल पंजीयन एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज के लिए NSS का एकदिवसीय शिविर आयोजित
जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय की छात्राओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ना तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में अधिक से अधिक छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा एवं इकाई द्वितीय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर के दौरान लगभग 100 छात्राओं ने माय भारत पोर्टल पर पंजीयन करवाया तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर छात्राओं को माय भारत पोर्टल के महत्व एवं इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। बताया गया कि पोर्टल के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक कौशल विकसित करने, विभिन्न प्रशिक्षण एवं सीखने के अवसर प्राप्त करने, युवा गतिविधियों से जुड़ने तथा व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के अनेक अवसर प्राप्त होते हैं। इससे छात्राएं अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ा सकती हैं।
इसी क्रम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में भाग लेने के लिए भी छात्राओं को प्रेरित किया गया। क्विज के माध्यम से छात्राओं को भारत के विकास, उपलब्धियों, इतिहास, संस्कृति तथा समसामयिक विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और अपने सामान्य ज्ञान में वृद्धि करने का अवसर मिलता है। छात्राओं ने क्विज में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मुकेश शर्मा ने की। उन्होंने छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को ज्ञान, कौशल, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ सुमन ढाका, डॉ. शशिकांत भारद्वाज सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ एकदिवसीय NSS शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
