विश्व साक्षरता दिवस पर छात्राओं ने लिया एक निरक्षर को साक्षर बनाने का संकल्प
जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में आज विश्व साक्षरता दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं को साक्षरता के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ समाज में शिक्षा एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने स्वयंसेविकाओं का आह्वान किया कि वे अपने परिवार, आस-पड़ोस एवं समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता फैलाने का निरंतर प्रयास करें। उन्होंने प्रत्येक स्वयंसेविका से कम से कम एक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। प्राचार्य ने वर्तमान परिदृश्य में साक्षरता की बढ़ती हुई महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. रेणुका राठौर ने अपने संबोधन में विश्व साक्षरता दिवस के इतिहास एवं इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वर्तमान युग में साक्षरता की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए विशेष रूप से महिला शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने का प्रभाव केवल उसके व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। शिक्षा के माध्यम से महिला अपने पैरों पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर बन सकती है तथा परिवार एवं समाज को नई दिशा प्रदान कर सकती है। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को शिक्षा के प्रसार को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। ‘लिटरेसी वॉल’ पर स्वयंसेविकाओं ने साक्षरता से संबंधित अपने विचार, संदेश एवं प्रेरणादायी स्लोगन लिखकर प्रदर्शित किए। इसके साथ ही कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साक्षरता से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए साक्षरता के व्यापक सामाजिक महत्व पर चर्चा की तथा स्वयंसेविकाओं को समाज के वंचित एवं निरक्षर वर्ग तक शिक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वितीय के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्वयंसेविकाओं को महाविद्यालय के निकट स्थित बस्ती में जाकर साक्षरता की स्थिति के संबंध में सर्वेक्षण करने तथा लोगों को साक्षरता के प्रति जागरूक करने के निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन सेमेस्टर तृतीय की छात्रा एवं स्वयंसेविका जिया चौधरी ने किया। स्वयंसेविका प्रिया शर्मा एवं अंकिता चौधरी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेविकाओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और साक्षरता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस प्रकार विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने छात्राओं में शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ और सभी प्रतिभागियों ने साक्षर एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
