*बालेश्वर धाम में गूंज रही शिवकथा की अमृत वर्षा*
*महामंडलेश्वर मनोरमा गिरी जी के सानिध्य में ब्रह्मवादिनी कंचन दीदी कर रहीं शिव महिमा का बखान*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
पाटन बालेश्वर धाम में 13 सितंबर 2026 से सात दिवसीय भव्य श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ जारी है। शनिवार, 19 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महाकुंभ में संपूर्ण क्षेत्र 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गुंजायमान है।
इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर मनोरमा गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है। व्यासपीठ पर आसीन प्रख्यात कथावाचक ब्रह्मवादिनी कंचन दीदी अपनी ओजस्वी व मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को शिव भक्ति के दिव्य प्रसंगों का रसपान करा रही हैं।
कथा के दौरान कंचन दीदी ने शिव-पार्वती विवाह, सती चरित्र और पार्थिव शिवलिंग की महिमा का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव त्याग, समरसता और करुणा के साक्षात स्वरूप हैं। उनका ध्यान करने मात्र से जीवन के समस्त संकट कट जाते हैं। महामंडलेश्वर मनोरमा गिरी जी महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए।
कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भावना, नैतिक मूल्यों और धर्म का प्रसार होता है। क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने और बाबा बालेश्वर के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति ने बाहर से आने वाले भक्तों के लिए पेयजल, बैठक और सुलभ प्रसादी की व्यापक व्यवस्था की है। भक्ति और आस्था के इस अनूठे संगम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखा गया।
श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन पहली बार हो रहा है- *अवध बिहारी दास महाराज*
*बालेश्वर धाम में पहली बार श्री शिव महापुराण कथा अवध बिहारी दास महाराज*
घुघाडी धाम महन्त श्री श्री 108 श्री अवध बिहारी दास जी महाराज ने बताया कि बालेश्वर धाम में पहली बार श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन हो रहा है। यह ऐतिहासिक कथा धाम के इतिहास में पहली बार आयोजित की जा रही है। महाराज जी ने कहा कि सावन के पवित्र मास में शिव महापुराण सुनने से मनुष्य के समस्त पाप नष्ट होते हैं और भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
कथा में शिव-पार्वती विवाह, 12 ज्योतिर्लिंगों का महात्म्य और भस्म-रुद्राक्ष का महत्व बताया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
*संत समाज में बालेश्वर धाम के पुजारी परिवार का किया सम्मान*
बालेश्वर धाम के पुजारी जीतू योगी ने बताया कि यह संत समाज के द्वारा जो सम्मान मिला है यह बहुत ही हर्ष का विषय है।

