*किशोरपुरा में खातेदारों की सहमति के बिना रास्ता निकालने का आरोप*
*खड़ी फसल रौंदने से ग्रामीणों में आक्रोश, खनन वाहनों के आवागमन को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाटन किशोरपुरा क्षेत्र में खनन सामग्री के परिवहन के लिए खातेदारों की सहमति के बिना उनकी खातेदारी एवं शामलात भूमि से रास्ता निकालने के प्रयास का मामला सामने आया है। प्रभावित खातेदारों का आरोप है कि रास्ता निकालने के दौरान खेतों में खड़ी फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार खनन गतिविधियों के लिए पूर्व में वन विभाग की भूमि से होकर निकलने वाले रास्ते को प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा बंद करवाया गया था। इसके बाद अब खनन वाहनों के आवागमन के लिए कृषि भूमि से वैकल्पिक रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभावित खातेदारों का कहना है कि इस प्रक्रिया में सभी संबंधित खातेदारों की सहमति नहीं ली गई।
खातेदारों का कहना है कि यदि किसी खातेदार ने अपनी भूमि से रास्ता देने की सहमति दी है, तो इससे अन्य खातेदारों की भूमि में बिना अनुमति प्रवेश करने अथवा उनकी खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं मिलता। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण करवाकर रास्ते की वैधानिक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
साथ ही प्रभावित खातेदारों ने खड़ी फसल को हुए नुकसान का पंचनामा तैयार करवाकर नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने तथा यह जांच करने की मांग की है कि खातेदारी भूमि से रास्ता निकालने की अनुमति किस आधार पर दी गई है और राजस्व रिकॉर्ड में इसकी क्या स्थिति है।
सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश मीणा ने कहा, “खान मालिकों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रशासन किस हद तक जा सकता है, इसकी उम्मीद नहीं थी। पूर्व में भी यह प्रकरण एनजीटी में चला था। अब फिर एनजीटी का रुख करेंगे और ग्रामीणों के साथ हुई घटना में न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेंगे।”
ग्रामीणों ने मांग की है कि भूमि एवं रास्ते की वैधानिक स्थिति स्पष्ट होने तक विवादित मार्ग से खनन वाहनों का आवागमन रोका जाए तथा किसी भी प्रकार की जबरदस्ती या दबाव की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
