उचित पोषण व स्वच्छता जीवन में हैं जरूरी-
आज दिनांक 07 सितंबर को राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर में महिला नीति के अंतर्गत पोषण एवं स्वच्छता विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के साथ साथ पर्याप्त पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करना और साथ ही स्वच्छता को अपनाना चाहिए। महिला नीति संयोजक डॉ. सुमन ढाका ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित डॉ. सुबिता चौधरी का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। डॉ.सुबिता चौधरी ने संतुलित आहार एवं उनके विभिन्न तत्वों के बारे में छात्राओं को विस्तार से समझाया और बताया कि कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, फाइबर, खनिज लवण और पर्याप्त पानी हमारे आहार में शामिल होना चाहिए। भारतीय महिलाओं में एनिमिया के कारणों का उल्लेख करते हुए, इससे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी उन्होंने साझा की। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था और युवावस्था में किस प्रकार महिलाएं इस समस्या से ग्रसित होकर दिन भर थकान का अनुभव करती रहती हैं । व्याख्यान के अंत में उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता का भी महत्व बताया और कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता की आदत ही पूर्ण स्वास्थ्य के मार्ग को प्रशस्त करती है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को माहवारी के दौरान भी स्वच्छता पर पूरा ध्यान देना चाहिए इससे उन्हें अनेक बीमारियों से बचने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन अजय कुमार जाखड़ द्वारा किया गया ।कार्यक्रम म अनेक वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. रेणुका राठौर,डॉ जितेंद्र सिंह, डॉ. अनीता प्रजापत,डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉ मीनाक्षी चौधरी सहित सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
