बधिर विद्यार्थियों ने सेन्ट्रल पार्क में औद्योगिक भ्रमण से
व्यावसायिक शिक्षा में पेड़-पौधों एवं नर्सरी प्रबंधन की जानकारी दी -- कैलाश चंद्र कौशिक
जयपुर। राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय जयपुर में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत एग्रीकल्चर विषय का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को पेड़-पौधों एवं ऑर्गेनिक फार्मिंग की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से सेन्ट्रल पार्क, जयपुर में औद्योगिक भ्रमण करवाया गया। प्राचार्य डाॅ.योगेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पेड़-पौधों की विभिन्न प्रजातियों एवं उनकी दैनिक उपयोगिता से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने पौधों में फूल, पत्तियों से लेकर फल पकने तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया, नर्सरी प्रबंधन, मिट्टी के उपयोग एवं उसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। कौशल मित्र कुलदीप पाठक व वोकेशनल शिक्षक सद्दाम शेख ने बताया कि विद्यार्थियों को कृषि करने की प्रक्रिया, खाद व पानी की बचत से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण तकनीकों के बारे में भी व्यावहारिक रूप से समझाया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने खेती संबंधी व्यवस्था एवं मौसम अनुसार पौधों की महत्वपूर्ण किस्मों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यस्थल से जोड़ना तथा व्यावहारिक समझ विकसित कर उन्हें व्यवसाय की मुख्यधारा से जोड़ना था।
यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी अनुभव रहा। इससे विद्यार्थियों को खेती संबंधी पारंपरिक ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक खेती कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।

