***बढ़ता प्रदूषण, घटती सांसें, गहराता संकट: ग्राम पंचायत स्यालोदडा में आयोजित हुआ 'युवा संवाद***
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज,राजस्थान
पाटन (सीकर): ग्राम पंचायत स्यालोदडा में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और उससे उत्पन्न स्वास्थ्य संकट को लेकर एक 'युवा संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश कुमार मीणा (भराला) सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश कुमार मीणा ने कहा कि क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन बढ़ता प्रदूषण जनजीवन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। प्रदूषण के कारण लोगों का सांस लेना दुश्वार हो गया है और अरावली पर्वतमाला का प्राकृतिक संतुलन भी संकट में है।
स्वास्थ्य पर पड़ रहा बुरा असर:
संवाद के दौरान वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वायु और पर्यावरण प्रदूषण के कारण क्षेत्र में सिलिकोसिस, चर्म रोग और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। इसके अलावा, कम उम्र में ही बच्चों के बाल सफेद होना और युवाओं में असमय बुढ़ापे के लक्षण दिखाई देना बेहद चिंताजनक है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल:
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पर्यावरण को हो रहे नुकसान और उससे पनप रही बीमारियों के बावजूद नीमकाथाना व सीकर जिले के प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। अधिकारियों की इस अनदेखी के कारण आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
युवाओं की भूमिका और संविधान पर चर्चा:
बैनर तले आयोजित इस संवाद में "गांधी, भगतसिंह और अम्बेडकर के सपनों का भारत" बनाने तथा वर्तमान चुनौतियों से निपटने में युवाओं की भूमिका और संवैधानिक अधिकारों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर कैलाश कुमार मीणा, दिनेश जांगिड़, राकेश, ओमप्रकाश वर्मा, कमल वर्मा, रामईश्वर सैनी, श्यामलाल वर्मा, बंसीलाल वर्मा सहित गांव के अनेक लोग उपस्थित रहे।
