डी.बी. कॉलेज में डॉ. शैलेश की पुस्तक ‘नारी सशक्तिकरण’ का लोकार्पण

 डी.बी. कॉलेज में डॉ. शैलेश की पुस्तक ‘नारी सशक्तिकरण’ का लोकार्पण



नारी सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास की परिकल्पना अधूरी : प्रधानाचार्य डॉ. अयाज अहमद


जयनगर सुरेश कुमार रौनियार 


डी.बी. कॉलेज, जयनगर के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेश कुमार सिंह की पुस्तक ‘नारी सशक्तिकरण : समग्र विकास की ओर बढ़ते कदम’ का लोकार्पण महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अयाज अहमद ने किया। पुस्तक के लोकार्पण के अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने डॉ सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य डॉ. अयाज अहमद ने लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण सामाजिक एवं शैक्षणिक आवश्यकता है। महिलाओं की शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता और निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी सुनिश्चित किए बिना समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि डॉ. शैलेश कुमार सिंह द्वारा नारी सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर पुस्तक लिखना अकादमिक जगत के साथ-साथ सामाजिक विमर्श की दृष्टि से भी सराहनीय प्रयास है।उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पुस्तकों का लेखन केवल ज्ञान के प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के ज्वलंत मुद्दों पर सार्थक विमर्श विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पुस्तक की सफलता और व्यापक पाठकीय पहुंच की कामना करते हुए डॉ. शैलेश कुमार सिंह को बधाई दी।

पुस्तक के संपादक डॉ. शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि नारी सशक्तिकरण को केवल महिला अधिकारों के संदर्भ में देखने के बजाय इसे शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्वावलंबन, सामाजिक सम्मान, समान अवसर और नेतृत्व में भागीदारी से जोड़कर समझने की आवश्यकता है। पुस्तक के माध्यम से इसी व्यापक दृष्टिकोण को अकादमिक विमर्श के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पुस्तक के लोकार्पण के लिए प्रधानाचार्य एवं उपस्थित सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पुस्तक के प्रकाशन में सहयोग के लिए सह संपादक कोशी कॉलेज खगड़िया की युवा शिक्षाविद डॉ प्रियंका सिंह व श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय के युवा शिक्षाविद डॉ जमील हसन अंसारी जी का आभार प्रकट किया।


लोकार्पण कार्यक्रम में डॉ. रंजना, डॉ. अखिलेश श्रीवास्तव, डॉ. भोलानाथ ठाकुर, डॉ. मसरूर सोगरा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षाकर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने डॉ. शैलेश कुमार सिंह को पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों और समाज के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने