कान्हा के रंग में रंगे नन्हे कदम, नृत्य और रंगों से गूंजा जन्माष्टमी उत्सव
बच्चों ने कृष्ण-कथाओं पर रंग भरे, नृत्य से बांधा समां, पर्यावरण संरक्षण, टीमवर्क और सच्ची मित्रता का दिया संदेश
जयपुर। ब्राइट बिगिनिंग्स न्यू डॉन वेलफेयर फाउंडेशन की मुख्य शाखा एवं ओमैक्स सिटी, जयपुर शाखा में जन्माष्टमी का पर्व बच्चों के साथ उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक ज्योति महाजन के मार्गदर्शन तथा ओमैक्स सिटी शाखा प्रभारी सुश्री अंबिका सोनी के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्सव के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की कथाओं पर आधारित रंग भरने की गतिविधियों और नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, टीमवर्क और सच्ची मित्रता जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों से भी जोड़ा गया। कार्यक्रम में दोनों शाखाओं के बच्चों के बीच उत्साह देखते ही बना। जन्माष्टमी की खुशियां साझा करते हुए बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं। बच्चों ने उत्सव के दौरान जमकर आनंद लिया और कृष्ण के जीवन से जुड़े संदेशों को भी समझा। फाउंडेशन की समर्पित स्वयंसेविका वीणा देवड़ा ने मुख्य शाखा में बच्चों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। वहीं फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार बाबू अंसारी ने दोनों शाखाओं के बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संदेश रहा कान्हा के रंग, बच्चों के संग खुशियों के साथ संस्कार, सृजन और प्रकृति संरक्षण का संदेश।
