जयपुर की हॉट सीट वार्ड-9 में त्रिकोणीय मुकाबला, निर्दलीय संगीता बढ़ारा ने बढ़ाया सियासी पारा
स्थानीय कार्यकर्ताओं और निवासियों का समर्थन, पैराशूट प्रत्याशी को टिकट देने से नाराजगी का दावा
जयपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर विद्याधर नगर का वार्ड-9 अब हॉट सीट बनता नजर आ रहा है। भाजपा-कांग्रेस में स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी के बीच निर्दलीय प्रत्याशी संगीता बढ़ारा ने चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। स्थानीय निवासियों, भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं, विकास समितियों और समाजसेवियों के एक वर्ग ने उनके समर्थन में एकजुटता दिखाई है। बुधवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग संगीता बढ़ारा के आवास पर पहुंचे और प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए उन्हें समर्थन देने का संकल्प लिया। समर्थकों का कहना है कि संगीता लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और करीब 20 वर्षों से भाजपा से जुड़ी रही हैं। इसके बावजूद उन्हें टिकट के लिए लगातार आश्वासन ही मिला। संगीता बढ़ारा ने कहा कि स्थानीय और कर्मठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी प्रत्याशी को प्राथमिकता देने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। स्थानीय लोगों के बीच टिकट वितरण में धनबल को प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा भी असंतोष का कारण बन रही है। इस दौरान रघुवर सिंह नाथावत, वीरेन्द्र पारीक, सुरेंद्र खंडेलवाल, कन्हैया लाल यादव सहित कई गणमान्य नागरिकों ने संगीता बढ़ारा का समर्थन किया। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आए। अब वार्ड-9 में बढ़ती सक्रियता के बीच चुनावी मुकाबला किस करवट बैठेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
