गोगुंदा ब्लॉक में PRI सदस्यों का एकदिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न, नियमित टीकाकरण एवं पंचायत सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

 गोगुंदा ब्लॉक में PRI सदस्यों का एकदिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न, नियमित टीकाकरण एवं पंचायत सशक्तिकरण पर दिया गया जोर


गोगुंदा ब्लॉक में अर्पण सेवा संस्थान के तत्वावधान में पंचायत राज संस्थाओं (PRI) के जनप्रतिनिधियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को सशक्त बनाते हुए नियमित टीकाकरण, जीरो डोज बच्चों की पहचान एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में बीसीएमओ डॉ. दिनेश मीणा, सरपंच लीला गमेती एवं उपसरपंच मीरा सुथार ने संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाकर नियमित टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्र एवं वार्डों में जीरो डोज बच्चों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महंत श्री आनन्द नाथ महाराज ने अपने उद्बोधन में "दवा एवं दुआ" दोनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए चिकित्सा के साथ-साथ सकारात्मक सोच और जनसहयोग भी आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक पंकज भट्ट ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जन्म से 5 वर्ष तक बच्चों को 7 चरणों में टीके लगाए जाते हैं, जो 11 प्रकार की गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने टीकाकरण के बाद होने वाले सामान्य प्रतिकूल प्रभाव (AEFI) एवं उनके उचित प्रबंधन की जानकारी भी साझा की तथा सभी जनप्रतिनिधियों से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों एवं युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम में फूलचंद सरेल, स्वयं सहायता समूह से सीमा सुथार, कामिना पालीवाल, राजू लोहार, तथा युवा संगठन से देवी सिंह सिसोदिया, फतेह लाल जोशी, अर्जुन सुथार, गणेश गायरी, सोहन सिंह मोहन दास, रूपसिंह, लोकेश सेनसहित बड़ी संख्या में PRI सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में गोगुंदा ब्लॉक समन्वयक भंवर सिंह सिसोदिया ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विभागों एवं सहभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने