*ईडब्ल्यूएस आरक्षण की प्रक्रिया शुरू करने पर बनी सहमति*
*राज्य सरकार से दो दौर की बातचीत के बाद सवर्ण पंचायत सभा स्थगित*
जयपुर। आगामी पंचायत एवं निकाय चुनाव में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच की ओर से रविवार 9 अगस्त को राजधानी जयपुर में प्रस्तावित सवर्ण पंचायत सभा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। राज्य सरकार के साथ हुई दो दौर की बातचीत में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद मंच ने यह निर्णय लिया। ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुनील उदेइया ने शनिवार 8 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। सुनील उदेइया ने बताया कि ईडब्ल्यूएस वर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के साथ सकारात्मक बातचीत हुई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पहले दौर की वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से हुई बातचीत के बाद लगभग तीन घंटे तक चली दूसरे दौर की वार्ता में राजस्थान सरकार के मंत्री के.के. विष्णोई, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी सहित अन्य नेताओं एवं प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बातचीत के दौरान ईडब्ल्यूएस आरक्षण सहित समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंच के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। इसको देखते हुए रविवार 9 अगस्त को प्रस्तावित सवर्ण पंचायत सभा को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मंच सरकार के साथ हुए समझौते और सहमति के अनुरूप आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रखेगा।
पंचायत चुनाव में ईडब्ल्यूएस आरक्षण की प्रक्रिया शुरू–
बातचीत में प्रमुख रूप से आगामी पंचायत चुनाव में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण देने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से एक कमेटी गठित कर आवश्यक कार्यवाही शुरू की जाएगी। मंच की ओर से इसे ईडब्ल्यूएस वर्ग की लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस बोर्ड, विप्र कल्याण बोर्ड, देवस्थान बोर्ड, महाराणा प्रताप बोर्ड और अग्रसेन बोर्ड में अध्यक्षों की नियुक्ति होने तक आरएएस अधिकारियों को लगाकर इनका संचालन शुरू करने पर भी सहमति बनी है। मंच का कहना है कि इससे इन बोर्डों से जुड़े कार्यों को गति मिल सकेगी और संबंधित वर्गों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
शिक्षा और छात्रावास को लेकर भी फैसले–
बैठक में ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निजी एवं सरकारी शिक्षण संस्थानों में छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने और इसके लिए बजट का प्रावधान करने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही जिला स्तर पर ईडब्ल्यूएस हॉस्टल का संचालन शुरू करने का मुद्दा भी बातचीत में शामिल रहा। मंच ने इन निर्णयों को शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रेसवार्ता के दौरान सवर्ण पंचायत के प्रतिनिधिमंडल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुनील उदेइया, विप्र महासभा के अध्यक्ष योगेन्द्र भारद्वाज, परशुराम सेना के प्रमुख संयोजक अनिल चतुर्वेदी, वैश्य सेना के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र मित्तल, तंवरावाटी राजपूत के संयोजक एवं अध्यक्ष डॉ. शिवराज सिंह तंवर, राजेन्द्र तंवर, जितेंद्र मिश्रा, डॉ. सोमेन्द्र सारस्वत, दीपेश मिश्रा और देवेंद्र शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंच ने स्पष्ट किया है कि सरकार के साथ हुई सहमति के आधार पर फिलहाल आंदोलनात्मक कार्यक्रम स्थगित किया गया है। आगामी दिनों में सरकार की ओर से किए गए वादों और शुरू की जाने वाली प्रक्रियाओं की प्रगति के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
