पाटन-स्यालोदड़ा में सिलिकोसिस का कहर जारी, एक और ग्रामीण ने तोड़ा दम*

 *पाटन-स्यालोदड़ा में सिलिकोसिस का कहर जारी, एक और ग्रामीण ने तोड़ा दम*


*अवैध खनन और क्रेशर प्लांट से उड़ती धूल को ग्रामीणों ने बताया बीमारी का कारण, आंदोलन की चेतावनी*

रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान 

पाटन/स्यालोदड़ा:-सिलिकोसिस का कहर के कारण और क्षेत्र में अवैध खनन और क्रेशर प्लांटों से उड़ने वाली धूल को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। स्यालोदड़ा गांव में सिलिकोसिस से पीड़ित एक और ग्रामीण की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ रोष भी दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से क्रेशर प्लांट और खनन गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इनसे निकलने वाली बारीक धूल से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी के मामले सामने आने के बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन एवं क्रेशर गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद अवैध खनन तथा धूल प्रदूषण पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में संचालित खनन एवं क्रेशर गतिविधियों की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मौत के बाद बढ़ा आक्रोश

एक और ग्रामीण की मौत के बाद स्यालोदड़ा में ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन और नियम विरुद्ध संचालित क्रेशर प्लांटों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तथा सिलिकोसिस से प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर पूरे क्षेत्र में खनन गतिविधियों, धूल प्रदूषण और सिलिकोसिस के मामलों की जांच कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने