हमेशा सत्य से जुड़े रहो और कानों के कच्चे मत बनो- मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रातःकालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने नीति प्रसंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन को सार्थक, संयमित और अनुशासित बनाने के सूत्र बताते हुए कहा कि हमेशा सत्य से जुडो। सत्य सुनना बहुत आसान है लेकिन सच बोलना बहुत ही कठिन है। सत्य कोई बोले तो भी सत्य सुना किसी को पसंद नहीं होता है। लेकिन स्वयं को हमेशा सच के साथ जोड़े रखो। अभी तक आपने जीवन में जितना भी कुछ किया है, फिर भी काम उसके हमेशा अधूरे ही रहते है। अंतिम समय तक भी लोगों के कई काम अधूरे ही रहते हैं और बहुत कुछ अधूरा ही रहता है। दुनिया में कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जिसने चाहे सब कुछ कर लिया और संसार के सारे काम निपटा दिये हो, लेकिन फिर भी उनसे पूछा जाए तो यही कहेंगे कि अभी तक तो कई काम अधूरे है।
मुनिश्री ने कहा कि चाहे नेता हो, अभिनेता हो, बड़े से बड़ा सेठ हो अंतिम समय तक भी सभी के काम अधूरे ही रहते है। इसलिए जीवन छोटा है, जितना भी मिला है इसे अच्छे से जीयो। एक दिन दुनियां से जाना तो है ही, इसलिए जितना भी किया है या जितना भी कर रहे हो उसे अच्छे से करो और अच्छे से जीयो। हमेशा सच के साथ जियो और त्याग और त्यागी व्रती बन कर जीयो। आपकी प्रामाणिकता का पैमाना आपका सत्य है। अपनी बातों को हमेशा सत्य से जोड़ कर रखो। अच्छा वक्ता बनने के लिये यह सबसे जरूरी है। अपनी बातों को सत्य से जोड़ने के बाद अपने कानों को मजबूत बनाओ कभी कानों के कच्चे मत बनो। हमेशा उनसे अच्छी और सच्ची बातें सुनो। कभी भी कोई भी बात हो अपने कानों से उसे अच्छी तरह सुनो उसके बाद ही आगे बात करो। कोई भी निर्णय लेना हो पहले दोनों पक्षों के सुनो उसके बाद निर्णय लो।
मुनिश्री ने कहां थी आजकल हर आदमी अपने आप को अच्छा ही प्रेजेंट करता है। चाय समाज गांव परिवार में हो। आप देखो फुटपाथ पर कपड़े बेचने वाला व्यक्ति अपने कपड़े को रेमंड से भी अच्छा बताता है। शोरूम में जाकर क्या करोगे यह कपड़ा उससे भी बढ़िया है यह देखो यह कई साल तक फटेगा भी नहीं और ना ही इसका कलर जाएगा।
शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रातःकालीन बेला में मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित किया।
धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर दीक्षांत हाडा जयपुर, राकेश बोहरा, भंवर लाल मुणडलिया , महावीर प्रसाद सीघवी, आदेश्वर पचोरी, अशोक कुमार शाह , गोरव मेहता, आश देवड़ा, लक्ष्मी गदावत, हरिमोहन जैन, सुरेश वखारिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ लिया।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजनशाला में प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जा रही है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
