जयपुर निकाय चुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ तैयार : कुरैशी

 जयपुर निकाय चुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ तैयार : कुरैशी



जयपुर. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव इमरान कुरैशी ने कहा आगामी जयपुर नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय और संगठित है। पार्टी जयपुर निकाय चुनावों के लिए धरातल पर पूरी ताकत और एकजुटता के साथ तैयार है। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के उत्साह से यह स्पष्ट है कि इस बार जयपुर नगर निगम में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

पीसीसी सचिव इमरान कुरैशी ने संगठन की प्राथमिकताओं और चुनावी रणनीति पर जोर देते हुए कहा निकाय चुनाव स्थानीय विकास और नई सोच का चुनाव है। ऐसे में पार्टी को अधिक से अधिक कम उम्र के, निष्ठावान और जमीनी स्तर पर सक्रिय युवा प्रत्याशियों को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारना चाहिए। नई ऊर्जा और आधुनिक सोच वाले युवा जयपुर के स्थानीय मुद्दों का समाधान कहीं अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे। कुरैशी ने कहा भाजपा के शासन में जयपुर शहर की स्थिति बदहाल हो चुकी है। बीते ढाई सालों में शहर में विकास का कोई भी ठोस कार्य नहीं हुआ है। बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई, सीवरेज, पेयजल और सड़कों की स्थिति दिन-प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है।

उन्होंने कहा भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुके हैं। स्मार्ट सिटी और विकास के नाम पर केवल खोखले वादे किए गए हैं, जबकि धरातल पर आम नागरिक त्रस्त है। इमरान कुरैशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के असल मुद्दों, टूटी सड़कें, बदहाल सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस का हरेक कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर मुस्तैदी से जुटा हुआ है। आगामी चुनावों में जयपुर की जागरूक जनता भाजपा के झूठे दावों को नकारते हुए विकासशील, पारदर्शी और जनहितैषी कांग्रेस पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन देगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने