*झुग्गी बस्ती के बच्चों संग मनाया स्वतंत्रता दिवस*
जयपुर। राजधानी जयपुर के न्यू लोहा मण्डी रोड स्थित झुग्गी बस्ती में उत्थान सेवा संस्थान की ओर से निःशुल्क संचालित अपनी बाल संस्कार पाठशाला में ध्वजारोहण कर हर्षोल्लास से स्वतंत्रता दिवस मनाया। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष रिटायर्ड कैप्टन शीशराम चौधरी ने बताया कि इस कार्यक्रम में सबसे पहले सुबह पाठशाला के नन्हें मुन्ने बच्चों ने झुग्गी बस्ती की गलियों में रैली निकालकर देशभक्ति प्रेम का संदेश दिया। इसके बाद सभी बच्चों के साथ संस्था के पदाधिकारियों और अतिथियों ने झंडारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान पाठशाला के छोटे बड़े बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरी। इस कार्यक्रम में उपस्थित हुए अतिथियों में अंजू गोयल, कर्नल जगदीशचंद्र, सियाराम बोहरा, सुल्तान सिंह कुमावत, रोटरी क्लब राॅयल के रमेश गोयल व प्रशांत शर्मा और पाठशाला के सभी बच्चों सहित उनके अभिभावक उपस्थित हुए। संस्थान के महासचिव शिवानंद त्रिपाठी ने परिसर में उपस्थित सभी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले सभी वीरों का स्मरण किया। कैप्टन शीशराम चौधरी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क शिक्षा के अतिरिक्त विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी। इस मौके पर भामाशाह पारुल अरोड़ा, प्रजापति समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवानराम, समाजसेवी भवानी शंकर शर्मा, सुभाष खर्रा, सरविंद यादव और एयू बैंक के अनिल कुमावत के हाथों कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को पारितोषिक प्रदान किया। इस आयोजन को सफल बनाने में कैप्टन सहीराम मुंड, डाक्टर निरंजन कुमार अग्रवाल, विनोद शर्मा, गोपाल पारीक, परमानंद वर्मा, महेश सारास्वत, अशोक अग्रवाल, एडवोकेट तिरुपति कंडोई, अरुण जांगिड़, जगदीश कुमावत, गोवर्धन सैनी, इंद्रेश दुबे, जलेश्वर सिंह, मनोज पंडित, होशियार सिंह, सत्यबीर सिंह, अरुणा टेलर, प्रवीणा शर्मा, टीना प्रजापत और जलंधरा कंस्ट्रक्शन कंपनी के स्टाफ ने अपनी प्रमुख भूमिका निभाई।
