जिसके जीवन में नीति, उसी की होती उन्नति: मुनिश्री आदित्यसागरजी

 जिसके जीवन में नीति, उसी की होती उन्नति: मुनिश्री आदित्यसागरजी



उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रात:कालीन धर्मसभा में श्रुत संवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने जीवन में नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिसके जीवन में नीति नहीं, उसके जीवन में कभी वास्तविक उन्नति नहीं हो सकती। नीति मनुष्य की बुद्धि को सत्य की ओर जागृत करती है, पापों का क्षय करती है तथा जीवन को सही दिशा प्रदान करती है।

मुनिश्री ने कहा कि समय तो सभी के पास समान रूप से होता है, किंतु उसका सदुपयोग करने की बुद्धि हर किसी के पास नहीं होती। जीवन की अधिकांश समस्याएँ प्रारंभ में छोटी होती हैं, लेकिन समय पर उनका उचित एवं नीतिपूर्ण समाधान नहीं होने के कारण वही समस्याएँ आगे चलकर विकराल रूप धारण कर लेती हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समस्याओं के समाधान की नीति अपनानी चाहिए तथा अपनी इच्छाशक्ति को इतना सशक्त बनाना चाहिए कि वह सही समय पर सही निर्णय ले सके।

उन्होंने एक सरल उदाहरण देते हुए बताया कि यदि पत्नी पति से पूछे कि आज रोटी खाएँगे या पराठा, और पति के पराठा कहने पर पत्नी बोले कि मैं तो रोटी बना चुकी हूँ, तो बात भले ही छोटी हो, लेकिन यदि पति तत्काल प्रतिक्रिया दे दे तो वही छोटी बात विवाद का रूप ले सकती है। यदि वह धैर्य और विवेक से काम ले, तो समस्या उसी क्षण समाप्त हो जाती है। उन्होंने कहा कि अधिकांश विवादों का कारण हमारी त्वरित प्रतिक्रिया होती है। मनुष्य में सामने वाली बात को धैर्यपूर्वक सहने की क्षमता कम होती जा रही है, जिससे छोटी-छोटी बातें बड़े विवादों में बदल जाती हैं।

मुनिश्री ने आगे कहा कि यदि चलते वाहन का पहिया पंचर हो जाए तो समझदार व्यक्ति पहले पंचर ठीक कराकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ता है। यदि वह केवल इस बात में उलझ जाए कि पंचर कैसे हुआ और क्यों हुआ, तो उसकी समस्या और बढ़ जाएगी तथा समय भी व्यर्थ होगा। इसी प्रकार जीवन में भी समस्याएँ आएँगी, किंतु उनका समय पर नीतिपूर्ण समाधान ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनीति से अर्जित धन कभी पुण्य का कारण नहीं बन सकता। ऐसा धन व्यक्ति को केवल पाप का भागी बनाता है, जबकि नीति और ईमानदारी से अर्जित धन जीवन में सुख, शांति और आत्मसंतोष प्रदान करता है।

मुनिश्री ने प्रेरणा देते हुए कहा कि व्यक्ति को स्वयं को भीतर से सशक्त बनाना चाहिए। जो वास्तव में समझदार होते हैं, वे स्वयं को सिद्ध करने में नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ आचरण से स्वीकार्य बनने में विश्वास रखते हैं। यदि कभी आवेश में आकर किसी को तुरंत उत्तर देने के बाद पश्चाताप हो, तो उसे जीवन का सबक मानकर भविष्य में संयम और धैर्य का अभ्यास करना चाहिए, क्योंकि हर प्रतिक्रिया के परिणाम सदैव शुभ नहीं होते।

धर्मसभा के अंत में मुनिश्री ने श्रावक-श्राविकाओं को मर्यादा एवं विनय का विशेष संदेश देते हुए कहा कि आजकल सेल्फी लेने की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण लोग गुरु के समक्ष भी पीठ करके फोटो लेने लगते हैं, जो अनुचित एवं अमर्यादित है। उन्होंने कहा कि देव, गुरु और शास्त्र के समक्ष सदैव श्रद्धा और मर्यादा का पालन करना चाहिए। यदि फोटो लेना हो तो गुरु के समीप विनम्रता से खड़े होकर अथवा आशीर्वाद ग्रहण करते हुए फोटो लिया जा सकता है, किंतु गुरु की ओर पीठ करके सेल्फी लेना मर्यादा के विपरीत है।

अपने प्रेरक प्रवचन का समापन करते हुए मुनिश्री ने कहा कि जीवन की छोटी-छोटी क्रियाएँ और प्रतिक्रियाएँ भी कभी-कभी बड़े पाप का कारण बन जाती हैं। इसलिए जो व्यक्ति नीति, संयम और मर्यादा का पालन करता है, वही जीवन में सच्चे अर्थों में सुखी और सफल बनता है।

पारस चित्तौड़ा ने बताया कि बताया कि प्रात:कालीन बेला में भगवान की शांतिधारा एवं अभिषेक सहित विभिन्न मांगलिक आयोजन संपन्न हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया। धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री के पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट एवं आरती के मुख्य आयोजन हुए। सम्पूर्ण मांगलिक आयोजनों के दौरान  चंद्र प्रकाश  महावीर प्रसाद सीघवी  जय कारवां मणि कारवां अशोक कुमार शाह  महावीर प्रसाद भाणावत  मदन देवड़ा कमल कान्त जोलावत केलाश चित्तौड़ा प्रशन पाटोदी बृजलाल खलुडिया समाजजनों ने पुुण्य लाभ लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने