पंचायत निकाय चुनाव में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण देने की माँग*

 *पंचायत निकाय चुनाव में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण देने की माँग*




*सरकार ध्यान दे नहीं तो उग्र आंदोलन करेंगे– ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच*



जयपुर। आगामी पंचायत निकाय चुनाव में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण देने की माँग को लेकर ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच की ओर से गुरुवार 6 अगस्त को जयपुर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता के जरिए ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुनील उदेईया ने पत्रकारों को बताया कि प्रदेश में निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। केन्द्र सरकार अन्तोदय योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए कल्याण का काम कर रही है। प्रदेश में इन चुनावों में एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिया जाता है तो ईडब्ल्यूएस वर्ग को भी दस प्रतिशत सीटों पर आरक्षण दिया जाए, जिससे कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को भी प्रतिनिधित्व मिल सके। सरकार यदि ग़रीब वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का फ़ैसला करती है तो देश में एक बड़ी पहल होगी, जिसका बड़ा संदेश जनता में जाएगा। साथ ही प्रदेश में वर्ष 2016 से संचालित राजस्थान आर्थिक पिछडा वर्ग आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति सरकार अविलम्ब करें। सुनील उदेईया ने बताया कि आगामी पंचायत निकाय चुनाव में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण देने की माँग को लेकर रविवार 9 अगस्त को सुबह 11 बजे आगरा रोड स्थित सूर्या सिटी कॉलोनी के मैदान में सवर्ण पंचायत सभा आयोजित की जाएगी। इस पंचायत सभा के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री निवास तक पैदल जाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे। यदि राज्य सरकार मंच की इस मांग की अनदेखी करती है तो सवर्ण वर्ग पंचायत निकाय चुनावों में अपनी नाराजगी सरकार को दिखाएगी। सुनील उदइया ने कहा कि सवर्णों के साथ देश में दोयम दर्जे का व्यवहार किया जा रहा है, जो स्वीकार नही है। उन्होंने बताया कि मंच के लोग यह नहीं चाहते कि वे सडकों पर आकर कानून व्यवस्था बिगाड़े बल्कि सरकार स्वयं आगे आकर उनके लिए योजना और नीतियां बनाए, जो सरकार को टैक्स और वोट में भी बड़ी हिस्सेदारी देता है। उन्होंने बताया कि बिहार और मध्यप्रदेश के उप चुनाव से सवर्ण वर्ग की नाराजगी समझ आ ही गई होगी। प्रेसवार्ता को ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुनील उदेईया, विप्र महासभा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र भारद्वाज, परशुराम सेना के प्रमुख संयोजक अनिल चतुर्वेदी, वैश्य सेना राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र मित्तल, तवरावाटी राजपूत के संयोजक एवं अध्यक्ष डॉ शिवराज सिंह तंवर और सह संयोजक राजेन्द्र तंवर, ख़ांडल महासभा के अध्यक्ष अनिल ख़ांडल और जितेंद्र मिश्रा, हर्षिता शर्मा सहित अन्य ने संबोधित किया। वहीं इस मौके पर सवर्ण संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने