जोबनेर में स्कूल बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत, डेढ़ दर्जन बच्चे घायल
9 बच्चों की हालत गंभीर, जयपुर रेफर; दोनों वाहन पलटे, मौके पर मची अफरा-तफरी
संवाददाता – गौरव पारीक
जोबनेर। जोबनेर-महलां मार्ग पर शनिवार को बच्चों से भरी स्कूल बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे में स्कूल बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन बच्चे घायल हो गए। इनमें से 9 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही जोबनेर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। गंभीर घायल 9 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि स्कूल बस में टैगोर स्कूल के बच्चे सवार थे। वहीं स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़ से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। स्कॉर्पियो सवार यात्रियों को भी हादसे में मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
स्कूल बसों की रफ्तार पर फिर उठे सवाल
हादसे के बाद क्षेत्र में स्कूल बसों की रफ्तार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जोबनेर-महलां मार्ग पर कई निजी स्कूलों की बसें तेज गति से गुजरती हैं। ऐसे में स्कूल वाहनों की गति, फिटनेस और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच किए जाने की मांग उठ रही है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
