मिलाद कॉन्फ्रेंस में बड़ी संख्या में जुटे अकीदतमंद
इस्लामी स्कॉलर्स ने कुरआन व हदीस के जरिए किया जागरूक
जयपुर. हजरत मुहम्मद सल्ललाहु अलैहि व सल्लम की जिंदगी से लोगों को अवगत कराने को लेकर 1501वां जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के तहत रामगंज चौपड़ पर मिलाद कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। वाहिद मेमोरियल वेलफेयर एंड रिलीफ सोसायटी व सुन्नी दावते इस्लामी जयपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता खान्काह-ए-बरकातिया माहरेहरा से सैय्यद अमान मियां बरकाती साहब ने इल्म की अहमियत पर कुरआन और हदीस की रोशनी में उपस्थित लोगों को जागरूक किया। वहीं सैय्यद अमीनुल कादरी साहब निगरां सुन्नी दावत-ए-इस्लामी मालेगांव से आने वाले वक्ता ने नबी सल्ललाहु अलैहि व सल्लम से इश्क में इजाफा करना है तो उनकी सुन्नत पर अमल करें और दुरूद शरीफ के जरिए उनसे अपना रिश्ता मजबूत करने की जद्दोजहेद करें। मिलाद कुरआन और हदीस के तहत कैसे मनाए, इसके हवाले से बताया। मुफ्ती अब्दुस्सतार रजवी साहब मुफ्ती-ए-शहर जयपुर की सरपरस्ती व मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी निगरां सुन्नी दावत-ए-इस्लामी जयपुर की निगरानी में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मौलाना कारी गुलाम मोइनुद्दीन और मकराना से आए मौलाना रमजान बरकाती ने भी पैगम्बर-ए-रहमत की बारगाह में खिराजे अकीदत पेश की। कार्यक्रम संयोजक हाजी नायाब खान व हाजी हसीन अहमद ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मिलाद कॉन्फ्रेंस में जयपुर शहर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
