अलवर में नाला निर्माण को लेकर बड़ा बवाल: थाने में आमने-सामने आए दोनों पक्ष, विवाद के चलते रुका निर्माण कार्य।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर शहर के अखेपुरा थाना क्षेत्र स्थित बनर्जी का बाग इलाके में नाला निर्माण और सफाई कार्य को लेकर शनिवार को जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों को पुलिस थाने पहुंचना पड़ा, जहां घंटों चली तीखी बहस और नोकझोंक के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका। विवाद के चलते नाला निर्माण का कार्य फिलहाल ठप पड़ गया है।
पूर्व पार्षद धर्मेंद्र मीणा ने आरोप लगाया कि करीब०3 बीघा जोहड़ की भूमि पर हुए अतिक्रमण के कारण नाले का निर्माण बाधित किया जा रहा है। उनका कहना है कि समय पर नाला नहीं बनने से क्षेत्र में बारिश का पानी भर रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
वहीं स्थानीय निवासी बृज किशोर एडवोकेट ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रस्तावित नाला उनके मकान से बिल्कुल सटाकर बनाया जा रहा है। इससे मकान की नींव कमजोर होने और भवन धंसने का खतरा है। उन्होंने मांग की कि नाले का निर्माण सड़क के मध्य भाग से कराया जाए, ताकि किसी की निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।
दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर मामला अखेपुरा थाने पहुंचा, जहां पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक समझाइश का दौर चला। हालांकि किसी भी पक्ष की सहमति नहीं बनने से निर्माण कार्य रोक दिया गया।
Tags
काईम